
वाशिंगटनः अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अभी कुछ दिनों पहले ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से 40 मिनट तक फोन पर बातचीत की थी। इस दौरान कॉल के अंत में ट्रंप ने कहा था, “हम सब आपको बहुत प्यार करते हैं”… ट्रंप ने वाशिंगटन में अब एक बार फिर पीएम मोदी को अपना पक्का दोस्त बताया है।
एक रिपोर्टर ने जब उनसे पिछले दिनों हुई पीएम मोदी के साथ बातचीत पर सवाल पूछा तो ट्रंप ने जवाब में कहा, “मैंने अपने दोस्त प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ एक बहुत अच्छी बातचीत की। ट्रम्प ने कहा, “मैंने उनसे बहुत अच्छी बात की, और वे मेरे दोस्त हैं, भारत से हैं, और वे बहुत अच्छा कर रहे हैं। हमारी बहुत अच्छी बातचीत हुई।”

पश्चिम एशिया संघर्ष को लेकर ट्रंप ने किया था मोदी को फोन
ट्रंप ने यह बयान लास वेगास जाते वक्त दिया। बता दें कि ट्रम्प ने बीते मंगलवार को पीएम मोदी को फोन किया था, जिसमें द्विपक्षीय संबंधों पर चर्चा की गई और पश्चिम एशिया (वेस्ट एशिया) की स्थिति पर विचारों का आदान-प्रदान किया गया। अमेरिका और इज़रायल द्वारा ईरान के खिलाफ युद्ध शुरू करने के बाद यह ट्रंप द्वारा पीएम मोदी से की गई पहली वार्ता था।


अमेरिका और ईरान के बीच में ट्रंप ने बीते 7 अप्रैल को दो हफ्ते का युद्धविराम घोषित किया था। अब दोनों पक्षों में शांति वार्ता के दूसरे दौर का प्रयास जारी है, क्योंकि पहली शांति वार्ता इस्लामाबाद में बेनतीजा रही थी।
पीएम मोदी और ट्रंप में हुई थी क्या बात?
अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर के अनुसार ट्रंप ने प्रधानमंत्री मोदी से लगभग 40 मिनट तक फोन पर बातचीत की। वार्ता के अंत में ट्रम्प ने मोदी से कहा, “हम सब आपको बहुत प्यार करते हैं”। इस दौरान दोनों नेताओं ने होर्मुज जलडमरूमध्य को खुला और सुरक्षित रखने के महत्व पर जोर दिया था। साथ ही पश्चिम एशिया में शांति और स्थिरता की वकालत की थी।
ईरान नहीं छोड़ना चाहता यूरेनियम संवर्धन
वाशिंगटन जोर दे रहा है कि तेहरान परमाणु हथियारों की खोज और यूरेनियम संवर्धन छोड़ दे। मगर ईरान इसे कतई नहीं छोड़ना चाहता। अब ट्रंप ने अपने एक ताजा बयान में दावा किया है कि ईरान यूरेनियम संवर्धन रोकने के लिए तैयार हो गया है। हालांकि ईरान की ओर से ट्रंप के इस दावे को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
