कांकेर। कांकेर जिले में एक डाक्‍टर की पत्‍नी ने अपने एक वर्ष के बच्‍चे के जन्‍मदिन के पहले ही फांसी लगाकर आत्‍महत्‍या कर ली। कांकेर मेडिकल कालेज में पदस्थ डा. दीपक भोजवानी की पत्नी पूजा ने बुधवार को फांसी लगा ली। घटना से कुछ समय पहले ही दोनों अपने एक साल के बेटे के जन्मदिन की पार्टी की तैयारी में जुटे थे। आशंका है कि पति-पत्नी में किसी बात पर विवाद के कारण पूजा ने आत्महत्या की। डा. दीपक की सास इन दिनों उनके साथ ही कांकेर में रह रही थीं।

पुलिस के अनुसार डा. भोजवानी शहर के भंडारीपारा वार्ड के इमलीपारा स्थित हाउसिंग बोर्ड कालोनी में अपनी पत्नी, एक वर्षीय पुत्र और सास के साथ रहते थे। कुछ माह पहले वह कांकेर मेडिकल कालेज में स्थानांतरित होकर आए थे। चार मार्च को उनके एक वर्षीय पुत्र का पहला जन्मदिन था। इसके चलते दंपती अपने बच्चे की जन्मदिन की पार्टी की तैयारियां कर रहे थे। बुधवार की शाम डॉक्टर दीपक किसी काम से घर से बाहर गए हुए थे। इस दौरान पूजा (27) ने रात लगभग नौ बजे अपने घर में ही फांसी लगा ली। इस दौरान घर पर पूजा की मां मौजूद थी। उन्होंने मदद के लिए आवाज लगाई तो पड़ोसियों ने खिड़की तोड़कर पूजा को फंदे से नीचे उतारा। इस दौरान उसके पति डॉक्टर  दीपक भी पहुंच गए। वह पत्नी को लेकर शासकीय कोमलदेव जिला अस्पताल पहुंचे, जहां बाद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

थाना प्रभारी शरद दुबे ने बताया कि डा. दीपक कांकेर के चारामा क्षेत्र के निवासी हैं। चार वर्ष पूर्व उनका विवाह भिलाई निवासी पूजा के साथ हुआ था। उनका बच्चा छोटा था, इसलिए पूजा की मां उसकी देखभाल के लिए साथ रहती थीं। आशंका है कि पति-पत्नी में किसी बात पर विवाद के कारण पूजा ने आत्महत्या की है।

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *