


बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के वाड्रफनगर पुलिस चौकी क्षेत्र में 19 वर्षीय युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि तीन युवकों ने पहले युवती के फुफेरे भाई को बंधक बनाया और उसके बाद वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता अपने फुफेरे भाई के साथ एक रिश्तेदार के घर जा रही थी। इसी दौरान रास्ते में तीन युवकों ने उन्हें रोक लिया। विरोध करने पर आरोपियों ने युवती के भाई के हाथ-पैर बांधकर उसे बंधक बना लिया। इसके बाद युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया।

घटना के बाद किसी तरह पीड़िता का भाई आरोपियों के चंगुल से निकलने में सफल रहा और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही वाड्रफनगर पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने पीड़िता का चिकित्सकीय परीक्षण कराया और आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
एसडीओपी रामावतार ध्रुवे ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मामले की जांच जारी है।
