सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में स्थित वेदांता पावर प्लांट में हुए बॉयलर ब्लास्ट हादसे ने पूरे प्रदेश को दहला दिया है। इस हादसे में अब तक आई अपडेट के अनुसार मृतकों की संख्या बढ़कर 10 हो गई है, जबकि दो दर्जन से अधिक मजदूर घायल हैं। इनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिससे मृतकों की संख्या और बढ़ने की आशंका है।

इस हादसे को लेकर मुख्यमंत्री साय ने दुख जताया है और मामले की जांच की बात कही है। जानकारी के अनुसार, यह हादसा डभरा थाना क्षेत्र के ग्राम सिंघीतराई स्थित वेदांता पावर प्लांट में हुआ, जहां अचानक बॉयलर फटने से जोरदार विस्फोट हुआ और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।


परिजनों का हंगामा, प्लांट के गेट पर नारेबाजी

घटना के बाद प्लांट के बाहर मजदूरों और परिजनों का आक्रोश फूट पड़ा। परिजनों ने एम्बुलेंस को बाहर जाने से रोकते हुए घायलों को दिखाने की मांग की। गेट के बाहर जमकर नारेबाजी की जा रही है। वहीं स्थिति को देखते हुए प्लांट प्रबंधन ने मुख्य गेट बंद कर दिया है और मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।

रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

हादसे के बाद मौके पर राहत और बचाव कार्य जारी है। मलबे में फंसे मजदूरों को बाहर निकालने का प्रयास किया जा रहा है। फ़िलहाल जैसे-जैसे रेस्क्यू आगे बढ़ेगा, आंकड़ों में बदलाव संभव है।

घायलों को रायगढ़ रेफर, हालत नाजुक

हादसे में घायल मजदूरों को तत्काल रायगढ़ जिले के निजी और सरकारी अस्पतालों में भेजा गया है। कई घायलों को ओपी फोर्टिस जिंदल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।

सीएम साय ने जताया दुख

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि यह बहुत ही दुखद हादसा है। दु:ख की घटना में परिवार के साथ हैं। मृतकों के परिजनों को भगवान शक्ति दे। उन्होंने कहा कि हादसे की जांच होगी और जांच में दोषी पाए जाने वाले व्यक्ति पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई होगी।

पूर्व सीएम बघेल ने जताया शोक

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी इस हादसे पर शोक जताया है। उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर लिखा, सक्ती स्थित वेदांता पावर प्लांट में हुई बॉयलर ब्लास्ट की सूचना अत्यंत पीड़ादायक है। प्राप्त जानकारी अनुसार इस भीषण हादसे में अब तक 4 मजदूरों की अकस्मात मौत तथा दर्जनों मजदूरों के बुरी तरह घायल होने की खबर है।

ईश्वर दिवंगत जनों को शांति एवं शोकाकुल परिजनों को संबल प्रदान करें। शासन-प्रशासन से अनुरोध है कि पीड़ितों के लिए उचित मुआवजे के साथ ही सभी घायलों के यथोचित उपचार की व्यवस्था की जाए। ईश्वर से घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं।

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *