सरकारी नौकरी की तलाश कर रहे उम्मीदवारों के लिए नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) में काम करने का मौका है. एजेंसी ने लाइब्रेरियन के दो पदों को भरने के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं. ये नियुक्तियां नई दिल्ली स्थित एनटीए मुख्यालय में संविदा के आधार पर की जाएंगी.

लाइब्रेरी साइंस में ग्रेजुएशन की डिग्री और संबंधित क्षेत्र में कम से कम पांच साल का अनुभव रखने वाले अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं. इस भर्ती में रिटायर सरकारी अधिकारियों को भी आवेदन का अवसर दिया गया है. इच्छुक उम्मीदवारों को निर्धारित प्रारूप में फॉर्म भरकर जरूरी दस्तावेजों के साथ ईमेल के जरिए भेजना होगा. आवेदन की अंतिम तारीख विज्ञापन जारी होने के 15 दिनों के भीतर है.


दो साल के लिए होगी नियुक्ति

एनटीए की ओर से लाइब्रेरियन के कुल दो पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी. चयनित उम्मीदवारों को शुरुआत में दो साल के लिए कॉन्ट्रैक्ट पर रखा जाएगा. जरूरत और कामकाज की समीक्षा के आधार पर अनुबंध आगे बढ़ाया जा सकता है. उम्मीदवारों को ध्यान देना चाहिए कि यह भर्ती नियमित सरकारी नौकरी के लिए नहीं है.

शैक्षणिक योग्यता

ओपन मार्केट से आवेदन करने वाले उम्मीदवारों के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय या संस्थान से लाइब्रेरी साइंस या लाइब्रेरी एंड इंफॉर्मेशन साइंस में ग्रेजुएशन की डिग्री होनी चाहिए. इसके अलावा लाइब्रेरी मैनेजमेंट के काम में कम से कम पांच साल का अनुभव जरूरी है. रिटायर सरकारी अधिकारी भी इस पद के लिए आवेदन कर सकते हैं.

इसके लिए उम्मीदवार का केंद्र या राज्य सरकार, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम (PSU) अथवा किसी स्वायत्त संस्थान से रिटायर होना जरूरीहै. उन्होंने लाइब्रेरियन, डिप्टी लाइब्रेरियन, असिस्टेंट लाइब्रेरियन, लाइब्रेरी एंड इंफॉर्मेशन ऑफिसर या समान स्तर के पद पर काम किया हो. उनके पास भी संबंधित क्षेत्र में पांच साल का अनुभव होना चाहिए.

एज लिमिट और सैलरी

ओपन मार्केट के अभ्यर्थियों की अधिकतम उम्र 50 साल निर्धारित की गई है. वहीं, रिटायर सरकारी अधिकारियों की आयु 62 साल से अधिक नहीं होनी चाहिए. चयनित उम्मीदवारों को हर महीने एकमुश्त पारिश्रमिक मिलेगा. वेतन की पूरी जानकारी के लिए आधिकारिक भर्ती विज्ञापन देखना जरूरी है.

लाइब्रेरियन को क्या काम करना होगा?

इस पद पर नियुक्त व्यक्ति को एनटीए की लाइब्रेरी की देखरेख और प्रबंधन की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी. इसमें पुस्तकों और डिजिटल सामग्री को व्यवस्थित रखना, लाइब्रेरी के रिकॉर्ड का रखरखाव करना और अधिकारियों व कर्मचारियों को जरूरी जानकारी उपलब्ध कराना शामिल है. उम्मीदवार को लाइब्रेरी मैनेजमेंट सॉफ्टवेयर, डिजिटल डेटाबेस, कंप्यूटर सिस्टम और ऑटोमेटेड कैटलॉगिंग की जानकारी भी होनी चाहिए.

ईमेल से भेजना होगा आवेदन

इच्छुक उम्मीदवारों को निर्धारित फॉर्मेट में आवेदन भरकर सभी जरूरी दस्तावेजों के साथ [email protected] पर ईमेल करना होगा. ईमेल के सब्जेक्ट में Application for the Post of Librarian, NTA लिखना अनिवार्य है. रिटायर अधिकारियों को अपनी पिछली सेवा से जुड़े आवश्यक प्रमाणपत्र भी आवेदन के साथ भेजने होंगे. आवेदन विज्ञापन प्रकाशित होने के 15 दिनों के भीतर जमा करना होगा.

इंटरव्यू के आधार पर हो सकता है चयन

उम्मीदवारों का चयन भर्ती के निर्धारित नियमों के अनुसार किया जाएगा. आवश्यकता पड़ने पर योग्य अभ्यर्थियों को इंटरव्यू के लिए बुलाया जा सकता है. हालांकि, न्यूनतम योग्यता पूरी करने वाले प्रत्येक उम्मीदवार को इंटरव्यू के लिए बुलाया जाना जरूरी नहीं है. एनटीए के पास भर्ती प्रक्रिया रद्द करने या किसी पद को खाली छोड़ने का अधिकार भी सुरक्षित है.

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *