रायपुर। क्षेत्र के ग्राम चिखली में महानदी किनारे दो शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। उफान मारती महानदी में बहकर आए दोनों शव किनारे की झाड़ियों में फंसे मिले। ग्रामीणों की नजर जब शवों पर पड़ी तो उन्होंने तुरंत इसकी सूचना आरंग पुलिस को दी। जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों शवों को बाहर निकालकर जांच शुरू कर दी।

हाल के दिनों में हुई भारी बारिश और बाढ़ के कारण महानदी का जलस्तर काफी बढ़ गया था। नदी के तटीय इलाकों में भी व्यापक असर देखने को मिला। ऐसे में नदी किनारे दो शव मिलने के बाद कई तरह की आशंकाएं सामने आ रही हैं। प्रारंभिक तौर पर यह आशंका जताई जा रही है कि दोनों शव नदी किनारे दफन रहे होंगे और तेज बहाव तथा कटाव के कारण मिट्टी हटने से पानी में बह गए।


दूसरी संभावना यह भी मानी जा रही है कि दोनों मृतक बाढ़ या नदी के तेज बहाव की चपेट में आए हों। पुलिस इस संभावना को भी नजरअंदाज नहीं कर रही है कि मामला किसी अन्य घटना से जुड़ा हो सकता है। इसी कारण शवों की स्थिति, घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र की बारीकी से जांच की जा रही है। आरंग पुलिस के अनुसार बरामद शवों में से एक शव महिला का है।

दूसरे शव की पहचान और लिंग की पुष्टि के लिए विस्तृत जांच की जा रही है। दोनों शव काफी हद तक गल चुके हैं, जिसके कारण शिनाख्त में दिक्कत आ रही है। शवों की पहचान के लिए पुलिस अब महानदी से लगे अन्य बाढ़ प्रभावित जिलों और आसपास के थानों से संपर्क कर रही है। हाल के दिनों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्टों का मिलान भी किया जा रहा है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि कहीं ये शव किसी लापता व्यक्ति के तो नहीं हैं।

पुलिस के लिए सबसे बड़ी चुनौती शवों की पहचान और मौत के कारणों का पता लगाना है। शवों की खराब स्थिति को देखते हुए पोस्टमार्टम और अन्य चिकित्सकीय परीक्षणों की मदद ली जाएगी। सीएसपी लंबोदर पटेल ने बताया कि प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत हो रहा है कि शव नदी किनारे दफन थे, जो भारी बारिश और बाढ़ के कारण बहकर चिखली क्षेत्र तक पहुंचे।

हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि पुलिस किसी एक निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है और हर संभावित कोण से जांच की जा रही है। घटना की जानकारी फैलने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण भी नदी किनारे पहुंच गए। दो शव मिलने की खबर से पूरे क्षेत्र में चर्चा का माहौल है।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि शवों की पहचान से जुड़ी कोई जानकारी होने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। फिलहाल दोनों शवों को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, शिनाख्त और गुमशुदगी से जुड़ी जानकारियों के मिलान के बाद ही मौत के वास्तविक कारण और पूरा घटनाक्रम स्पष्ट हो सकेगा।

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *