भिलाई नगर थाना पुलिस ने सेक्टर-10 क्षेत्र में हो रही लगातार छोटी-छोटी चोरियों के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक चोरी गिरोह का खुलासा किया है। इस कार्रवाई में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक विधि से संघर्षरत बालक को भी पकड़ा गया है। इसके साथ ही चोरी का सामान खरीदने वाले कबाड़ी को भी गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के अनुसार सेक्टर-10 क्षेत्र से लगातार चोरी की शिकायतें मिल रही थीं, जिसके बाद थाना भिलाई नगर में अपराध क्रमांक 282/2026 धारा 303 बीएनएस तथा अपराध क्रमांक 288/2026 धारा 331(4), 305(ए) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी अंशुल सैनी और एक विधि से संघर्षरत बालक को हिरासत में लिया।


पूछताछ के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने अमन साव को भी गिरफ्तार किया, जो चोरी का सामान खरीदने का कार्य करता था। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी किए गए सामान सहित अन्य सामग्री बरामद की। इसमें 02 नग एसी का आउटर, माल ढोने वाली एक मालवाहक गाड़ी और चोरी में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल शामिल है।

बरामद सामान की कुल कीमत लगभग 3,65,000 रुपये और अन्य सामग्री सहित 49,000 रुपये आंकी गई है। पुलिस ने बताया कि आरोपी अमन साव द्वारा चोरी का सामान खरीदे जाने के कारण प्रकरण में धारा 305(1) एवं 317(2) तथा 3(5) भी जोड़ी गई है। गिरफ्तार आरोपियों में अंशुल सैनी (20 वर्ष), निवासी सेक्टर-10 भिलाई नगर और अमन साव (22 वर्ष), निवासी गौतम नगर सुपेला शामिल हैं।

दोनों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। वहीं विधि से संघर्षरत बालक को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सेक्टर-10 क्षेत्र में लगातार हो रही चोरियों से स्थानीय नागरिकों में असुरक्षा की भावना थी, जिसे देखते हुए विशेष टीम गठित कर जांच की गई। त्वरित कार्रवाई के चलते गिरोह का पर्दाफाश संभव हो सका।

पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि चोरी और चोरी का माल खरीदने वाले नेटवर्क पर आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि क्षेत्र में कानून व्यवस्था मजबूत बनी रहे। स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस कार्रवाई पर राहत की भावना व्यक्त की है और उम्मीद जताई है कि इस तरह की घटनाओं पर अब अंकुश लगेगा।

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *