प्यार में इंसान कई बार ऐसे फैसले ले लेता है, जिनके बारे में उसने कभी सोचा भी नहीं होता. ब्राजील के एक 49 साल के व्यक्ति के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ. सोशल मीडिया पर एक खूबसूरत महिला की तस्वीरें और वीडियो देखकर उन्हें लगा कि उन्हें अपना जीवनसाथी मिल गया है. वह महिला से शादी करने और उसके साथ नई जिंदगी शुरू करने के सपने देखने लगे.

लेकिन इन सपनों को पूरा करने के लिए जब उन्होंने 1900 किलोमीटर से ज्यादा का सफर तय किया, तो सच्चाई जानकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई. जिस महिला से मिलने के लिए वह इतना दूर आए थे, वह असल में इंसान थी ही नहीं, बल्कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से बनाया गया एक काल्पनिक किरदार थी.


सोशल मीडिया पर मिली थी सपनों की रानी

ब्राजील के मारानहाओ राज्य में रहने वाले एडिमर मार्टिंस पेशे से राजमिस्त्री हैं. उन्होंने स्थानीय चैनल टीवी मिरांटे को बताया कि साल 2020 में उनकी नजर सोशल मीडिया पर जेसिका ओलिवेरा नाम के एक अकाउंट पर पड़ी थी. इस अकाउंट पर तीन लाख से ज्यादा फॉलोअर्स थे. प्रोफाइल पर एक ऐसी महिला के वीडियो शेयर किए जाते थे, जो खेत में सुकून भरी जिंदगी बिताती नजर आती थी.

वह अपने साथ रहने के लिए लोगों को आमंत्रित करती और घर के साथ आर्थिक मदद देने की बात भी करती थी. मां के निधन के बाद अकेलेपन से जूझ रहे मार्टिंस को लगा कि शायद यही वह साथी है, जिसके साथ वह अपनी जिंदगी दोबारा संवार सकते हैं.धीरे-धीरे उनके मन में उस महिला से मिलने और शादी करने की उम्मीद जागने लगी.

सामान बेचकर बस से तय किया लंबा सफर

महिला से मिलने की चाहत इतनी बढ़ गई कि मार्टिंस ने बड़ा फैसला कर लिया. रिपोर्टों के मुताबिक, 9 अक्टूबर को उन्होंने अपना सामान बेचकर यात्रा के लिए पैसे जुटाए. इसके बाद वह ब्राजील के मिनास गेरैस राज्य की राजधानी बेलो होरिजोंटे के लिए बस में सवार हो गए. एक दिन से ज्यादा समय तक सफर करने के बाद वह 11 अक्टूबर को वहां पहुंचे. उन्हें उम्मीद थी कि अब उनकी मुलाकात उस महिला से होगी, जिसके साथ वह घर बसाने का सपना देख रहे थे. लेकिन शहर पहुंचने के बाद उनकी उम्मीदें धीरे-धीरे टूटने लगीं.

तस्वीर दिखाई तो खुल गया AI का राज

मार्टिंस ने स्थानीय लोगों को महिला की तस्वीरें दिखाईं और उसके बारे में पूछताछ की, लेकिन कोई भी उसे पहचान नहीं पाया. आखिरकार, जब वह एक स्थानीय रेडियो स्टेशन पहुंचे, तो उन्हें बताया गया कि जेसिका ओलिवेरा नाम की महिला असल में मौजूद ही नहीं है. इसके बाद सोशल मीडिया अकाउंट चलाने वाले व्यक्ति ने भी स्वीकार किया कि महिला का किरदार AI से बनाया गया था.

अकाउंट के जरिए लोगों का जुड़ाव और एंगेजमेंट बढ़ाना मकसद था. संचालक ने यह भी कहा कि उस काल्पनिक किरदार ने मार्टिंस से सीधे बातचीत नहीं की थी और न ही उन्हें बेलो होरिजोंटे बुलाया था. यह सच जानकर मार्टिंस को काफी दुख हुआ. उन्होंने कहा कि इस अनुभव से उन्हें केवल उदासी और निराशा मिली.

प्यार की तलाश अब भी जारी

अपनी यात्रा पर पैसे खर्च कर चुके मार्टिंस के सामने अब घर लौटने की समस्या खड़ी हो गई. ऐसे में स्थानीय समाजसेवियों ने उनकी मदद की. उन्हें खाना, नहाने की सुविधा और वापस जाने के लिए बस का टिकट उपलब्ध कराया गया.

हालांकि, इस घटना के बावजूद मार्टिंस ने जीवनसाथी की तलाश छोड़ने का फैसला नहीं किया है. फिलहाल वह अपने एक रिश्तेदार के साथ रह रहे हैं और भविष्य में दोबारा बेलो होरिजोंटे जाने की इच्छा रखते हैं. उनका कहना है कि वह किसी दूसरी महिला से मिलकर अपना घर बसाना चाहते हैं.

छह महीने में सामने आए ऐसे तीन मामले

रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले छह महीनों में यह तीसरा मामला है, जब कोई व्यक्ति महिला से मिलने की उम्मीद में बेलो होरिजोंटे पहुंचा, लेकिन बाद में पता चला कि वह AI से बनाया गया काल्पनिक किरदार थी. यह घटना बताती है कि सोशल मीडिया पर दिखाई देने वाली हर तस्वीर या प्रोफाइल पर आंख मूंदकर भरोसा करना कितना जोखिम भरा हो सकता है. यह खबर भी सोशल मीडिया पर उपलब्ध वायरल जानकारी पर आधारित है.

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *