भिलाई। भिलाई इस्पात संयंत्र के भूतपूर्व कर्मियों एवं अधिकारियों के कल्याण हेतु कार्यरत संस्था बीएसपी एक्स-एम्प्लोयी हेल्थ एंड वेलफेयर एसोसिएशन, भिलाई की द्वितीय वार्षिक आम सभा का आयोजन प्रगति भवन, सिविक सेंटर, भिलाई में प्रातः 9:30 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक किया गया। कार्यक्रम में लगभग 200 सदस्यों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

संस्था के अध्यक्ष डॉ. रमेश कुमार श्रीवास्तव ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में बताया कि विगत दो वर्षों के दौरान संस्था ने अनेक भूतपूर्व कर्मियों की मेडिक्लेम पॉलिसियों से संबंधित समस्याओं के निराकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है तथा कई सदस्यों को उनके देय धनवापसी (रिफंड) प्राप्त कराने में सहयोग किया है। उन्होंने बताया कि संस्था 11 सितंबर 2024 से निरंतर मेडिक्लेम जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर सक्रिय रूप से कार्य कर रही है तथा विभिन्न चिकित्सालयों एवं स्वास्थ्य संस्थाओं के साथ समन्वय स्थापित कर जरूरतमंद एवं बीमार सदस्यों को सहायता प्रदान कर रही है।


सभा में विभिन्न चिकित्सा विशेषज्ञों द्वारा अनेक रोगों एवं स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं पर उपयोगी जानकारी दी गई तथा उनसे बचाव एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के संबंध में महत्वपूर्ण सुझाव प्रस्तुत किए गए।

कार्यक्रम में सांसद विजय बघेल मुख्य अतिथि एवं संरक्षक के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने संगठन के गठन एवं उसकी गतिविधियों की सराहना करते हुए सभी सदस्यों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सदस्यों को अपने अधिकारों एवं मूलभूत आवश्यकताओं के लिए संगठित एवं सजग रहने का संदेश दिया तथा हर संभव सहयोग का आश्वासन प्रदान किया।

संस्था के संरक्षक नरेंद्र बंछोर भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे। उन्होंने संगठन को निरंतर सहयोग एवं मार्गदर्शन देने का आश्वासन दिया। संरक्षक सदस्य अनिल कुमार चौहान ने जानकारी दी कि बीएसपी एम्प्लॉइज एवं एक्स-एम्प्लॉइज हेल्थ एंड वेलफेयर एसोसिएशन द्वारा मेडिक्लेम पॉलिसी में आवश्यक एवं हितकारी संशोधनों के लिए सेल कॉर्पोरेट कार्यालय, नई दिल्ली में एक विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया है, जिससे भूतपूर्व कर्मचारियों को आर्थिक हानि से बचाया जा सके। इस संबंध में डॉ. संजय अनुपम सिंग एवं अनिल कुमार चौहान ने सेल के कॉर्पोरेट ऑफिस में संबंधित उच्चाधिकारियों के समक्ष विस्तारपूर्वक अपना पक्ष रखा।

बी एन अग्रवाल, भूतपूर्व महाप्रबंधक, वित्त ने हायर पेंशन के लिए किए जाने वाले संघर्ष के विषय में अपने विचार प्रस्तुत किए। एवं सौभाग्य रंजन साहू जी, कोषाध्यक्ष , ओ ए बी एस पी ने भी अपनी शुभकामनाएं दी।

संस्था के महासचिव रामजस पाल ने वर्ष 2025-26 का सचिवीय प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। वहीं कोषाध्यक्ष मोहम्मद जहूर अहमद ने वर्ष 2025-26 का आय-व्यय प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए बताया कि आगामी दो माह में कला मंदिर, सिविक सेंटर, भिलाई में एक सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। साथ ही मेडिकल, मेडिक्लेम एवं अन्य उपयोगी जानकारियों से संबंधित दस्तावेजों को संकलित कर एक स्मारिका प्रकाशित की जाएगी, जिसका विधिवत विमोचन किया जाएगा।

कार्यक्रम का संचालन भानु जी राव एवं एम डी रेड्डी ने संयुक्त रूप से किया तथा आभार प्रदर्शन सुरेश चंद्र द्वारा किया गया।

सांस्कृतिक कार्यक्रम के अंतर्गत जानकी रमैय्या,मोहम्मद खान, सुश्री सरोज दुबे, बदरुद्दीन निजामी एवं नरेंद्र गहलोत ने अपने मधुर गीतों की प्रस्तुति देकर उपस्थितजनों का भरपूर मनोरंजन किया।

अंत में सुरेश चंद जी द्वारा कार्यक्रम की सफलता हेतु समस्त सहयोगियों के साथ साथ आफिसर एसोसिएशन को कार्यक्रम के लिए भवन प्रदान किए गए विशेष सहयोग के लिए संस्था की ओर से हार्दिक आभार व्यक्त किया गया।

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *