अंबिकापुर। सरगुजा जिले के अंबिकापुर शहर के फेमस टुनटुन दाबेली सेंटर के मालिक अमन ओझा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई है। अमन ओझा का शव झारखंड के रंका क्षेत्र में मिला है, जबकि उसकी बाइक छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के रामानुजगंज क्षेत्र में मिली है। भाजपा नेता दिनेश शुक्ला ने मामले की निष्पक्ष जांच के लिए पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा है। फिलहाल सरगुजा पुलिस ने झारखंड पुलिस के साथ मिलकर जांच शुरु कर दी है।

क्या है पूरा मामला ?

जानकारी के अनुसार, अमन ओझा पिछले कई दिनों से सोशल मीडिया पर अपनी पत्नी को लेकर किए गए पोस्ट और वीडियो के कारण चर्चा में था। उन्होंने एक मुस्लिम युवक पर अपनी पत्नी को भगाकर ले जाने का आरोप लगाया था। साथ ही अपनी हत्या की आशंका जताई थी और लगातार धमकियां मिलने की बात कही थी।


पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल

परिजनों और स्थानीय लोगों का आरोप है कि अमन ओझा ने हत्या की धमकी मिलने के बाद अंबिकापुर कोतवाली पुलिस में शिकायत भी दर्ज कराई थी, लेकिन पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया। अब युवक का शव मिलने के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।

मामले की जांच में जुटी पुलिस

शव के सिर पर कई गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं, जिससे हत्या की आशंका और गहरा गई है। झारखंड पुलिस ने शव की शिनाख्त के लिए फोटो जारी किया था, जिसके बाद मृतक की पहचान अमन ओझा के रूप में हुई। फिलहाल झारखंड के रंका थाना पुलिस और छत्तीसगढ़ पुलिस संयुक्त रूप से मामले की जांच में जुटी हुई हैं। हत्या के कारणों और आरोपियों की तलाश जारी है।

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *