दुर्ग। भिलाई के खुर्सीपार इलाके में सोमवार तड़के दुर्ग पुलिस ने बड़ा सघन चेकिंग अभियान चलाया। सुबह 4 बजे से शुरू हुए इस अभियान में पुलिस ने कई बस्तियों, ट्रांसपोर्ट नगर और बाजार क्षेत्रों में पहुंचकर संदिग्ध लोगों और वाहनों की जांच की। कार्रवाई सुबह 9 बजे तक चली। इस दौरान करीब 500 मकानों और 200 ट्रेलर-ट्रक वाहनों की जांच की गई। पुलिस ने 7 संदिग्ध मोटरसाइकिल जब्त की हैं, जबकि 3 लोगों को पूछताछ के लिए थाना लाया गया है।

पुलिस के मुताबिक जिले में कानून व्यवस्था मजबूत रखने और असामाजिक गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए यह अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने किया। उनके साथ नगर पुलिस अधीक्षक, थाना प्रभारी और 100 से ज्यादा पुलिस जवान मौजूद रहे।


पुलिस टीम ने खुर्सीपार के डॉ. राजेंद्र प्रसाद नगर, शिवाजी नगर, अटल आवास देवार बस्ती, मछली मार्केट और ट्रांसपोर्ट नगर इलाके में अलग-अलग टीम बनाकर जांच की। सुबह-सुबह पुलिस की बड़ी कार्रवाई से इलाके में हड़कंप की स्थिति रही। अभियान के दौरान दोपहिया और चारपहिया वाहनों की डिक्की चेक की गई।

वहीं ट्रांसपोर्ट नगर में खड़े ट्रक और ट्रेलरों के ड्राइवरों और क्लीनरों के लाइसेंस, वाहन के कागज और आधार कार्ड की जांच भी की गई। पुलिस ने खास तौर पर मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध गतिविधियों और धारदार हथियार रखने वालों पर नजर रखी।

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *