दुर्ग। नगपुरा स्थित श्री महावीर प्राकृतिक चिकित्सा एवं योग विज्ञान महाविद्यालय परिसर में शनिवार सुबह आर्ट कॉम के तत्वावधान में भव्य वृक्षारोपण अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के तहत परिसर में 1200 आम के पौधे लगाने का संकल्प लिया गया। भारी बारिश के कारण व्यापक पौधारोपण प्रभावित हुआ, लेकिन मुख्य अतिथि सांसद विजय बघेल ने प्रतीकात्मक पौधारोपण कर अभियान की शुरुआत की।

इस अवसर पर आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए सांसद विजय बघेल ने पर्यावरण संरक्षण के लिए वृक्षारोपण को समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बताते हुए कहा कि “एक पेड़ मां के नाम और हर आंगन एक पेड़” जैसे अभियान जन-जन का संकल्प बनने चाहिए। उन्होंने कहा कि पेड़ केवल पर्यावरण ही नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का आधार हैं।


सांसद ने कार्यक्रम के मुख्य आयोजक रमेश श्रीवास्तव एवं उनके परिवार के समर्पण की सराहना करते हुए आर्ट कॉम के संयोजक निशु पांडेय द्वारा वृक्षारोपण के क्षेत्र में किए जा रहे निरंतर प्रयासों की भी प्रशंसा की। उन्होंने महाविद्यालय के विद्यार्थियों से 1200 पौधों के रोपण और उनके संरक्षण की जिम्मेदारी निभाने का आह्वान करते हुए कहा कि अगले वर्ष वे स्वयं आकर इस अभियान की प्रगति का जायजा लेंगे।

कार्यक्रम की शुरुआत में आयोजक रमेश श्रीवास्तव ने अभियान के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए अतिथियों का स्वागत किया। वहीं, आर्ट कॉम के संयोजक निशु पांडेय ने बताया कि बारिश के कारण सभी पौधे एक साथ नहीं लगाए जा सके, लेकिन महाविद्यालय के पांच एकड़ परिसर में विभिन्न प्रजातियों के 1200 आम के पौधे रोपे जाएंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले वर्षों में यहां तैयार होने वाले आम दुर्ग जिले की पहचान बनेंगे और विदेशों, यहां तक कि अमेरिका तक भी पहुंचेंगे।

इस दौरान परिसर में मौजूद विशाल और समर का जन्मदिन भी केक काटकर उत्साहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में सांसद प्रतिनिधि प्रमोद सिंह, शारदा गुप्ता, विजय साहू, कन्हैया सोनी, अभिजीत भट्टाचार्य, सुधीर बंसल, राजेश जैन, दीनू नैयर, परमजीत सिंह, चौहान सहित अनेक लोगों का विशेष योगदान रहा।

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *