


Petrol Diesel Price Today: अमेरिका और ईरान के बीच चल रही संकट के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में हलचल तेज हो गई है। ग्लोबल मार्केट में ईंधन की कीमतें रॉकेट की रफ्तार से भाग रही हैं। महज एक हफ्ते के भीतर कीमतों में 11 प्रतिशत से ज्यादा की तेजी आ चुकी है, जो इस महीने की सबसे बड़ी साप्ताहिक बढ़ोतरी है।
शुक्रवार को जब बाजार बंद होने की घंटी बजी, तब भी बाजार 5 फीसदी चढ़कर ही शांत हुआ। उस वक्त ब्रेंट सूचकांक 4.59% (यानी $3.87) की छलांग लगाकर 88.10 डॉलर प्रति बैरल पर जा टिका। वहीं, अमेरिकी डब्ल्यूटीआई (WTI) भी पीछे नहीं रहा और 4.28% की बढ़त के साथ 82.49 डॉलर पर बंद हुआ। जब से यह जंग छिड़ी है, तब से अब तक ईंधन करीब 50% महंगा हो चुका है।

फिलहाल भारतीय जनता को राहत
ग्लोबल मार्केट में मचे इस तहलका के बीच, भारतीय जनता के लिए एक राहत भरी खबर है। दुनिया भर में बढ़ते दामों के बीच भारत में सरकारी तेल कंपनियों ने आज यानी शनिवार, 18 जुलाई 2026 को भी दाम नहीं बढ़ाए हैं। आज पूरे 53 दिन हो गए हैं जब देश में तेल की कीमतों पर एक पैसे का भी फर्क नहीं पड़ा है। आम आदमी फिलहाल तो चैन की सांस ले रहा है, लेकिन यह शांति तूफान से पहले की भी हो सकती है।
आज आपके शहर में क्या है मीटर की रीडिंग?
अगर आप आज टंकी फुल कराने का सोच रहे हैं, तो सरकारी ऑयल कंपनियों के मुताबिक महानगरों का हाल कुछ ऐसा है। दिल्ली वालों को एक लीटर पेट्रोल के लिए 102.12 रुपए और डीजल के लिए 95.20 रुपए देने पड़ रहे हैं। वहीं मुंबई में पेट्रोल का कांटा 111.21 रुपए और डीजल 97.83 रुपए पर अटका है। कोलकाता की बात करें तो वहां पेट्रोल 113.51 रुपए और डीजल 99.02 रुपए है। चेन्नई में भी आज बिना किसी बदलाव के पेट्रोल 107.77 रुपए और डीजल 99.55 रुपए प्रति लीटर की दर से ही मिल रहा है।
| शहर | पेट्रोल का भाव रुपए प्रति लीटर | डीजल का भाव रुपए प्रति लीटर |
| दिल्ली | 102.12 | 95.20 |
| मुंबई | 111.21 | 97.83 |
| कोलकाता | 113.51 | 99.82 |
| चेन्नई | 107.77 | 99.55 |
| नोएडा | 102.12 | 97.56 |
| चंडीगढ़ | 101.51 | 89.47 |
| लखनऊ | 101.89 | 95.36 |
| पटना | 113.37 | 99.36 |
| रांची | 105.26 | 100.49 |
MP-CG में पेट्रोल-डीजल का दाम
रायपुर: 108.06 ₹/L पेट्रोल, 101.60 ₹/L डीजल
बिलासपुर: 108.64 ₹/L पेट्रोल, 101.90 ₹/L डीजल
भोपाल: 114.19 ₹/L पेट्रोल, 99.33 ₹/L डीजल
इंदौर: 115.00 ₹/L पेट्रोल, 100.09 ₹/L डीजल
आम आदमी की रसोई पर सीधा वार
भले ही आज रेट नहीं बढ़े, लेकिन खाड़ी देशों का यह तनाव सीधे आपकी रसोई के बजट को बिगाड़ने का दम रखता है। भारत अपनी जरूरत का ज्यादातर ईंधन बाहर से खरीदता है। जब इंटरनेशनल मार्केट में डॉलर के भाव चढ़ते हैं, तो देश में हर चीज के ट्रांसपोर्ट का खर्चा बढ़ जाता है। इसका मतलब साफ है कि अगर यह युद्ध हफ्ता-दस दिन और खिंच गया, तो सब कुछ महंगा होना तय है।
आने वाले दिनों के लिए खतरे की घंटी
बाजार के जानकारों का साफ कहना है कि आने वाले दो हफ्ते भारत के लिए ‘अग्निपरीक्षा’ जैसे होंगे। अगर अमेरिका और ईरान के बीच मिसाइलें बरसती रहीं, तो सरकारी कंपनियों के लिए इस घाटे को सहना नामुमकिन हो जाएगा। तेल कंपनियां कब तक कीमतों को बांधकर रख पाती हैं, यह देखने वाली बात होगी।
घर बैठे ऐसे चेक करें आज का भाव
भारत में पेट्रोल और डीजल की कीमतें रोजाना सुबह 6 बजे अपडेट की जाती हैं। अगर आप अपने शहर का ताजा रेट जानना चाहते हैं, तो नीचे दिए गए आसान तरीकों से सिर्फ एक SMS भेजकर जानकारी पा सकते हैं:
• इंडियन ऑयल (IOCL) के ग्राहक: अपने फोन के मैसेज बॉक्स में जाकर RSP स्पेस अपने शहर का कोड लिखें और उसे 9224992249 पर भेज दें।
• भारत पेट्रोलियम (BPCL) के ग्राहक: अपने मोबाइल से RSP स्पेस अपने शहर का कोड लिखकर 9223112222 नंबर पर SMS करें।
• हिंदुस्तान पेट्रोलियम (HPCL) के ग्राहक: अपने फोन से HPPRICE स्पेस अपने शहर का कोड टाइप करें और इसे 9222201122 नंबर पर भेज दें।
