एक्सपायरी डेट का मिल्क पाउडर पिलाने से नवजात की मौत, परिजनों ने लगाया आरोप, लक्ष्मी मेडिकल हॉल के खिलाफ थाने में की शिकायत

रायपुर। राजधानी रायपुर में एक नवजात बच्ची की मौत के बाद बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। परिजनों ने आरोप लगाया है कि लक्ष्मी मेडिकल हॉल से खरीदा गया एक्सपायरी डेट वाला मिल्क पाउडर पिलाने के बाद बच्ची की तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों के मुताबिक, बच्ची की तबीयत खराब होने पर डॉक्टरों ने मिल्क पाउडर की एक्सपायरी डेट को लेकर जानकारी दी।

इसके बाद वे संबंधित मिल्क पाउडर का डिब्बा लेकर लक्ष्मी मेडिकल हॉल पहुंचे और शिकायत की। परिजनों का आरोप है कि मेडिकल स्टोर संचालक ने एक्सपायरी डेट वाला डिब्बा उनसे छीन लिया और उसकी जगह दूसरा डिब्बा देते हुए जांच कराने की बात कही। इस घटना के बाद परिजनों में भारी आक्रोश है।


मामले की सूचना मिलने पर पुलिस मेकाहारा अस्पताल पहुंची। वहीं परिजनों ने मौदहापारा थाने में मेडिकल स्टोर के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है। इधर, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) ने भी पूरे मामले की जांच कराने का आश्वासन दिया है। पुलिस और स्वास्थ्य विभाग यह पता लगाने में जुटे हैं कि मिल्क पाउडर वास्तव में एक्सपायरी डेट का था या नहीं और नवजात की मौत का कारण क्या रहा। फिलहाल पुलिस शिकायत के आधार पर जांच कर रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति और जिम्मेदारी स्पष्ट हो सकेगी।

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *