सरगुजा। जिले के मणिपुर थानाक्षेत्र में तीन माह पूर्व नाबालिग छात्रा द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने के मामले में पुलिस ने एक युवती को गिरफ्तार किया है। युवती ने छात्रा के खिलाफ अश्लील पोस्ट इंस्टाग्राम पर डाला था। मामला त्रिकोणीय प्रेम प्रसंग का है। पुलिस ने युवती के खिलाफ आत्महत्या के लिए प्रेरित करने एवं आईटी एक्ट के तहत कार्रवाई की है।

जानकारी के मुताबिक, मणिपुर थानाक्षेत्र के मठपारा में मामा के घर रहकर पढ़ाई कर रही दरिमा की छात्रा प्रियंका उर्फ रिया (17) ने 10 दिसंबर 2023 को घर में फांसी लगा आत्महत्या कर ली थी। घटना के समय उसके मामा के परिवार बाहर गया हुआ था। वह अपनी बहन के साथ मामा के घर में थी। रात को पढ़ाई करने के नाम पर प्रियंका दूसरे कमरे में गई एवं उसने फांसी लगा ली।

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने प्रियंका के मोबाइल की जांच की एवं गवाहों का बयान लिया गया। जांच में पता चला कि दरिमा क्षेत्र की ही ममता सिंह के द्वारा प्रियंका का इंस्टाग्राम में फोटो पोस्ट कर अश्लील टिप्पणी की गई थी। इससे क्षुब्ध होकर प्रियंका ने फांसी लगा ली थी। मामले में पुलिस ने ममता सिंह के खिलाफ धारा 305 एवं 67 आईटी एक्ट का अपराध जांच के बाद दर्ज किया था।

पुलिस पूछताछ में ममता सिंह ने बताया कि वह जिस लड़के से प्रेम करती थी एवं उस लड़के से शादी होने वाली थी, उसे प्रियंका भी पसंद करती थी और उसके साथ घूमने गई थी। यह बात उसे नागवार गुजरी तो उसने अपने मोबाईल में इंस्टाग्राम में 10 दिसंबर 2023 को रात में मृतका प्रियंका के बारे में फोटो के साथ टैग कर अश्लील टिप्पणी की थी। पुलिस के अनुसार पोस्ट देखकर बदनामी के डर से प्रियंका ने फांसी लगा ली। मणिपुर पुलिस ने आरोपी युवती ममता सिंह (18) को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *