बिलासपुर। साइबर अपराध का एक बेहद चौंकाने वाला मामला बिलासपुर में सामने आया है, जहां एक युवती ने अपने पूर्व प्रेमी को बदनाम करने के लिए फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट बनाकर खुद को ही धमकी और अश्लील संदेश भेजने की साजिश रची। पुलिस की तकनीकी जांच में पूरा मामला उजागर होने के बाद आरोपी युवती को गिरफ्तार कर लिया गया है।

जानकारी के अनुसार, युवती ने अपने एक्स बॉयफ्रेंड संजय रात्रे के नाम से इंस्टाग्राम पर एक फर्जी आईडी बनाई थी। इस फेक अकाउंट के जरिए वह अश्लील पोस्ट डाल रही थी और कई लोगों को धमकी भरे संदेश भी भेज रही थी। इतना ही नहीं, युवती खुद को भी अश्लील और धमकी भरे मैसेज भेजती थी।इसके बाद वह उन संदेशों के स्क्रीनशॉट लेकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराती थी, ताकि संदेह उसके पूर्व प्रेमी पर जाए। मामले की शिकायत मिलने के बाद तोरवा थाना पुलिस ने साइबर तकनीकों और डिजिटल ट्रेल्स के आधार पर जांच शुरू की।


जांच के दौरान पुलिस ने सोशल मीडिया अकाउंट, आईपी एड्रेस, मोबाइल डिवाइस और अन्य डिजिटल साक्ष्यों का विश्लेषण किया। तकनीकी जांच में यह स्पष्ट हो गया कि जिस फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट से संदेश भेजे जा रहे थे, उसका संचालन खुद शिकायतकर्ता युवती ही कर रही थी।पुलिस के मुताबिक आरोपी युवती प्रीति सूर्यवंशी अपने पूर्व प्रेमी को बदनाम करना चाहती थी। इसी उद्देश्य से उसने फर्जी अकाउंट बनाकर अश्लील सामग्री पोस्ट की और धमकी भरे संदेश प्रसारित किए।

तकनीकी साक्ष्य सामने आने के बाद पुलिस ने युवती को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

साइबर अपराध को लेकर पुलिस की अपील

पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर किसी भी फर्जी अकाउंट, धमकी या आपत्तिजनक सामग्री की सूचना तत्काल पुलिस को दें। साथ ही किसी भी शिकायत में झूठी जानकारी देकर किसी को फंसाने की कोशिश करने पर भी कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *