हंगरी के अगले प्रधानमंत्री पीटर मैग्यार ने इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू को कड़ी चेतावनी दी है। पीटर मैग्यार ने कहा है कि अगर नेतन्याहू हंगरी आते हैं तो वे उन्हें गिरफ्तार कर लेंगे। बता दें कि पीटर मैग्यार के नेतृत्व वाले टिस्जा पार्टी ने हाल ही में हंगरी में हुए आम चुनाव में जीत हासिल की है। इसके साथ ही करीब 16 साल से हंगरी के प्रधानमंत्री का पद संभाल रहे विक्टर ओर्बान की हार हो गई है। पीटर मैग्यार जल्द ही हंगरी के प्रधानमंत्री का पद संभाल सकते हैं।

मैग्यार ने नेतन्याहू को क्या धमकी दी?

हंगरी के अगले प्रधानमंत्री पीटर मैग्यार का कहना है कि अगर बेंजामिन नेतन्याहू हंगरी आते हैं तो वे उन्हें गिरफ्तार कर लेंगे। पीटर मैग्यार ने कहा- “मैंने यह साफ कर दिया है कि हंगरी अंतर्राष्ट्रीय आपराधिक न्यायालय (ICC) का सदस्य बना रहेगा। यदि कोई व्यक्ति ICC के सदस्य देश की सीमा में प्रवेश करता है और उसके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी है, तो उसे हिरासत में लिया जाना चाहिए।” आपको बता दें कि अंतरराष्ट्रीय आपराधिक न्यायालय (ICC) ने  साल 2024 में इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और पूर्व रक्षा मंत्री योव गैलेंट के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया था। इनके ऊपर गाजा में युद्ध अपराध और मानवता के खिलाफ अपराध के आरोप लगाए गए हैं।


हंगरी के चुनाव का परिणाम

हंगरी में बीते 12 अप्रैल को आम चुनाव के लिए वोट डाले गए थे। इस चुनाव में पीटर मैग्यार की टिस्जा पार्टी ने 199 सीटों वाली संसद में 138 सीटों पर जीत हासिल की। वहीं, निवर्तमान प्रधानमंत्री विक्टर ओर्बान की पार्टी को 55 सीटें मिलीं। बता दें कि विक्टर ओर्बान की पार्टी हंगरी में 16 वर्षों तक सत्ता में बनी रही थी।

पीएम मोदी ने भी दी है मैग्यार को बधाई

हंगरी के चुनाव में जीत हासिल करने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी पीटर मैग्यार को बधाई दी थी। पीएम मोदी ने ट्वीट कर के कहा था- “पीटर मैग्यार और टिस्जा पार्टी को उनकी शानदार चुनावी जीत पर हार्दिक बधाई। भारत और हंगरी के बीच गहरी मित्रता, साझा मूल्य और अटूट आपसी सम्मान का बंधन है। मैं द्विपक्षीय सहयोग को और मजबूत करने तथा हमारे लोगों की साझा समृद्धि और कल्याण के लिए महत्वपूर्ण भारत-यूरोपीय संघ रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने के लिए आपके साथ मिलकर काम करने के लिए तत्पर हूं।”

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *