
अगर आप बैंक में अप्रेंटिसशिप करना चाहते हैं तो आपके लिए एक बेहतरीन मौका है. बैंक ऑफ बड़ौदा (BoB) ने हजारों पदों पर अप्रेंटिस की भर्ती निकाली है, जिसके लिए आवेदन मांगे गए हैं. योग्य और इच्छुक कैंडिडेट्स 19 मई से 8 जून 2026 तक इसके लिए आवेदन कर सकते हैं. आवेदन करते समय उम्मीदवारों को अपने चुने हुए राज्य/केंद्र शासित प्रदेश के लिए दी गई लिस्ट में से अधिकतम तीन पसंदीदा ट्रेनिंग सेंटर या केंद्र चुनने होंगे.
चयनित उम्मीदवारों को एक साल की अप्रेंटिस ट्रेनिंग लेनी होगी और इस दौरान उन्हें 15,000 रुपये महीना स्टाइपेंड मिलेगा. हालांकि शैक्षणिक योग्यता पूरी करने के बाद एक साल या उससे अधिक की ट्रेनिंग या नौकरी का अनुभव रखने वाले कैंडिडेट्स अप्रेंटिस के रूप में नियुक्त होने के पात्र नहीं होंगे.

बैंक ऑफ बड़ौदा ने उन नए कैंडिडेट्स से ही ऑनलाइन आवेदन मांगा है, जिन्होंने किसी भी संस्थान में अप्रेंटिस के रूप में ट्रेनिंग नहीं ली है. इस भर्ती अभियान के तहत बैंक ऑफ बड़ौदा में कुल 5000 पदों पर अप्रेंटिस की भर्ती की जाएगी.


पात्रता मानदंड क्या हैं?
- शैक्षणिक योग्यता: आवेदकों का भारतीय नागरिक होना अनिवार्य है और उनके पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से किसी भी विषय में ग्रेजुएशन की डिग्री या समकक्ष योग्यता होनी चाहिए. NATS पोर्टल पर रजिस्टर्ड कैंडिडेट्स को यह सुनिश्चित करना होगा कि उनकी ग्रेजुएशन की डिग्री प्राप्त करने की तारीख 1 मई, 2026 के आखिरी डेट से चार साल से अधिक पुरानी न हो.
- उम्र सीमा: एनएपीएस में रजिस्टर्ड कैंडिडेट्स के लिए कट-ऑफ डेट तक ऊपरी उम्र सीमा 34 साल से कम है. वहीं, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग और दिव्यांगजन वर्ग के उम्मीदवारों को सरकार के नियमों के अनुसार उम्र में छूट मिलेगी.
आवेदन शुल्क कितना है?
सामान्य, ईडब्ल्यूएस और ओबीसी वर्ग के पुरुष उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 800 रुपये है, जबकि इसी कैटेगरी की महिला और ट्रांसजेंडर उम्मीदवारों को 600 रुपये का भुगतान करना होगा. वहीं, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और दिव्यांग उम्मीदवारों को 200 रुपये का भुगतान करना होगा.
कैसे करें आवेदन?
- सबसे पहले बैंक ऑफ बड़ौदा की आधिकारिक वेबसाइट bankofbaroda.bank.in पर जाएं.
- फिर होमपेज पर करियर सेक्शन में जाएं और उसपर क्लिक करें.
- उसके बाद ‘Current Opportunities’ टैब पर क्लिक करें और ‘अप्रेंटिस एक्ट, 1961 के तहत अप्रेंटिस की नियुक्ति’ पर क्लिक करें.
- अब आप NATS/NAPS पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं.
- कृपया चुनें कि आप नियमित छात्र हैं या सैंडविच/AEDP छात्र हैं.
- फिर आप अपने ईमेल एड्रेस या आधार नंबर से लॉगिन कर सकते हैं.
चयन प्रक्रिया क्या है?
इस भर्ती के लिए चयन प्रक्रिया में ऑनलाइन परीक्षा, डॉक्यूमेंट वैरिफिकेशन, स्थानीय भाषा मूल्यांकन और मेडिकल टेस्ट शामिल हैं. ऑनलाइन परीक्षा 100 अंकों की होगी और इसमें सामान्य एवं वित्तीय जागरूकता, मात्रात्मक एवं तर्क क्षमता, कंप्यूटर ज्ञान और सामान्य अंग्रेजी जैसे विषय शामिल होंगे. परीक्षा पास करने वाले उम्मीदवारों के डॉक्यूमेंट्स का वैरिफिकेशन किया जाएगा और चयनित राज्य या केंद्र शासित प्रदेश के लिए स्थानीय भाषा की परीक्षा देनी होगी.
