जेल में हुई दोस्ती, बाहर आते ही ज्वेलरी दुकान में डकैती, लड़की के भेष में वारदात करने वाला मास्टरमाइंड कर्नाटक से गिरफ्तार

कोरबा। जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र के छुरी स्थित राज ज्वेलर्स में हुई सनसनीखेज दिनदहाड़े डकैती के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वारदात का फरार मास्टरमाइंड विष्णु राठिया को कर्नाटक से गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर लड़की का भेष धारण कर ज्वेलरी दुकान में डकैती की वारदात को अंजाम दिया था।

पुलिस के अनुसार, इस डकैती में शामिल तीनों आरोपी कोरबा जिले के रहने वाले हैं। उनकी आपस में दोस्ती जेल के दौरान हुई थी। जेल से रिहा होने के बाद तीनों ने मिलकर बड़ी डकैती की योजना बनाई और छुरी स्थित राज ज्वेलर्स को निशाना बनाया।


मामले में पुलिस पहले ही दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी थी, जबकि मुख्य आरोपी विष्णु राठिया घटना के बाद फरार हो गया था। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह कर्नाटक के श्री सत्य साईं जिले के हिंदुपुरम में एक निजी कंपनी में काम कर रहा था।

साइबर सेल की तकनीकी सहायता और लगातार की गई निगरानी के बाद पुलिस ने विष्णु राठिया का लोकेशन ट्रेस किया और कर्नाटक से उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को ट्रांजिट प्रक्रिया पूरी कर कोरबा लाया जा रहा है।

पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ के दौरान डकैती से जुड़े अन्य पहलुओं और संभावित सहयोगियों के बारे में भी जानकारी जुटाई जाएगी। फिलहाल आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।.

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *