


भिलाई।स्वर्गीय बीरा सिंह जी की 69वीं जयंती के पावन अवसर पर आर्य नगर, कोहका स्थित सर्व समाज कल्याण समिति, भिलाई के कार्यालय में महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई। इस अवसर पर उनकी धर्मपत्नी कुलवंत कौर के कर-कमलों द्वारा “बहुउद्देशीय प्रशिक्षण एवं स्वरोजगार केंद्र”का शुभारंभ किया गया।
इस प्रशिक्षण केंद्र का उद्देश्य माताओं एवं बहनों को स्वरोजगार से जोड़ते हुए उन्हें आत्मनिर्भर और आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। केंद्र में महिलाओं को सिलाई-कढ़ाई, दोना-पत्तल निर्माण, झाड़ू निर्माण, रुई-बाती एवं दीया निर्माण, अगरबत्ती निर्माण सहित विभिन्न स्वरोजगार आधारित प्रशिक्षण पूर्णतः निःशुल्क प्रदान किए जाएंगे। इसके माध्यम से महिलाएं अपने कौशल का विकास कर सम्मानजनक आजीविका प्राप्त कर सकेंगी।

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि स्वर्गीय बीरा सिंह जी का संपूर्ण जीवन सेवा, समर्पण और समाज कल्याण के कार्यों के लिए समर्पित रहा। उनके आदर्शों और सामाजिक सोच को आगे बढ़ाते हुए यह प्रशिक्षण केंद्र समाज के अंतिम व्यक्ति तक आत्मनिर्भरता और रोजगार के अवसर पहुंचाने का एक सार्थक प्रयास है।
कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं गणमान्य नागरिकों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे महिला सशक्तिकरण और सामाजिक विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने विश्वास जताया कि यह केंद्र अनेक महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाकर उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का माध्यम बनेगा।
