



सरगुजा। छत्तीसगढ़ बलरामपुर जिले के ग्राम डीपाडीह में पत्नी को नाबालिग के साथ आपत्तिजनक अवस्था में देखकर युवक ने दोनों की बेदम पिटाई कर दी। दोनों को शंकरगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल रेफर कर दिया है। मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में इलाज के दौरान नाबालिग की मौत हो गई। मामला शंकरगढ़ थाना क्षेत्र का है।
पढ़िए क्या है मामला?
ग्राम डीपाडीह जम्होर में गजेंद्र पैकरा के घर आयोजित दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होने के लिए नाबालिग पंकज पैकरा (15 वर्ष) अपनी मां ललिता पैकरा के साथ पहुंचा था। 04 नवंबर बुधवार को सुबह करीब 10 बजे गजेंद्र पैकरा कहीं से अपने घर पहुंचा तो उसने घर में पंकज को अपनी पत्नी के साथ आपत्तिजनक अवस्था में देख लिया।

पत्नी एवं नाबालिग को बेदम पीटा
दोनों को आपत्तिजनक अवस्था में देखकर गजेंद्र पैकरा ने डंडे से पंकज पैकरा एवं अपनी पत्नी की बेदम पिटाई कर दी। दोनों मौके पर बेहोश हो गए। मामले की जानकारी मिलने पर परिवार के अन्य सदस्यों ने एंबुलेंस बुलाकर दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शंकरगढ़ भेजा। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शंकरगढ़ से दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल रेफर कर दिया गया।
दोनों को यहां बुधवार शाम को एडमिट किया गया। इलाज के दौरान देर रात नाबालिग पंकज पैकरा की मौत हो गई। महिला की हालत गंभीर बनी हुई है। सूचना पर मेडिकल कॉलेज अस्पताल चौकी पुलिस ने मर्ग कायम किया और शव को पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। अंबिकापुर पुलिस ने मर्ग डायरी बलरामपुर पुलिस को भेज दी है।
