ट्रेडिंग कंपनी में निवेश पर लाभ का झांसा देकर ठगी, पुलिस की गिरफ्त में शातिर दंपति...

भिलाई। दुर्ग जिले के जामुल थाना क्षेत्र में ट्रेडिंग कंपनी में निवेश कर अधिक लाभ दिलाने का झांसा देकर 25 लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। ठगी की शिकायत के बाद जामुल पुलिस ने इस मामले में पति पत्नी की गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने धारा 318(4), 3(5) बीएनएस के तहत वैधानिक कार्रवाई कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।

मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थिया फातिमा अहमद उर्फ स्वाती द्वारा थाना जामुल में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि पवन हरिहर सिंह एवं उसकी पत्नी पिंकी सिंह द्वारा स्वयं को फाइनेंशियल कंसलटेंट बताते हुए ट्रेडिंग कंपनी में निवेश कर अधिक लाभ अर्जित कराने का प्रलोभन दिया गया। पति-पत्नी ने विश्वास में लेकर प्रार्थिया से लगभग 25 लाख रुपए प्राप्त किए तथा प्रार्थिया की सहेली रजनी बारसकर के सोने के आभूषण प्राप्त कर उन्हें अपने नाम से IIFL Gold Finance, पावर हाउस चौक भिलाई में गिरवी रखकर लगभग 15 लाख रुपये प्राप्त किए।


रुपए लेने के बाद दोनों फरार हो गए थे। प्रार्थिया की रिपोर्ट पर थाना जामुल में धारा 318(4), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। विवेचना के दौरान मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपी पवन हरिहर सिंह एवं पिंकी सिंह को घेराबंदी कर पकड़ा गया। पूछताछ में आरोपियों द्वारा अपराध स्वीकार किए जाने पर शुक्रवार को दोनों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।

उक्त कार्यवाही में थाना जामुल पुलिस की टीम एवं विवेचना में संलग्न अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सराहनीय भूमिका रही, जिनके द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए फरार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि निवेश, ट्रेडिंग अथवा वित्तीय लाभ संबंधी किसी भी प्रस्ताव पर विश्वास करने से पूर्व संबंधित संस्था एवं व्यक्तियों का सत्यापन अवश्य करें। किसी भी प्रकार की साइबर अथवा वित्तीय धोखाधड़ी की सूचना तत्काल पुलिस को दें, जिससे समय पर वैधानिक कार्रवाई की जा सके।

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *