CG Weather Alert: छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर रफ्तार पकड़ने जा रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र रायपुर की रिपोर्ट के मुताबिक, 29 अगस्त से राज्य भर में बारिश की गतिविधियों में तेजी देखने को मिलेगी। आने वाले दिनों में न सिर्फ बारिश का दायरा बढ़ेगा, बल्कि इसकी तीव्रता में भी काफी इजाफा होगा। खास तौर पर मध्य और उत्तरी छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में तेज बारिश की संभावना जताई गई है, जबकि बाकी हिस्सों में रिमझिम का दौर जारी रहेगा।

इन तारीखों पर भारी बारिश और बिजली का अलर्ट

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 29 अगस्त को प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में हल्की से मध्यम दर्ज की बारिश हो सकती है। इसके साथ ही कुछ चुनिंदा जगहों पर तेज पानी गिरने और आकाशीय बिजली चमकने की आशंका है। यह सिलसिला यहीं नहीं थमेगा। 30, 31 अगस्त और 1 सितंबर को भी प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ मूसलाधार बारिश का अनुमान जताया गया है।


सितंबर की शुरुआत में कैसा रहेगा मौसम?

महीने की शुरुआत भी भीगी-भीगी रहने वाली है। 2 सितंबर को राज्य के कई इलाकों में बारिश के आसार हैं, वहीं 3 सितंबर को मानसून का प्रभाव और अधिक गहरा सकता है। अनुमान है कि 3 सितंबर को राज्य के कुछ स्थानों पर बेहद भारी बारिश हो सकती है। ऐसे में सितंबर का पहला हफ्ता राज्यवासियों के लिए झमाझम बारिश लेकर आ रहा है।

बीते 24 घंटों का हाल और बारिश का आंकड़ा

बीते 24 घंटों की बात करें तो प्रदेश के कई जिलों में बौछारें पड़ी हैं। बलरामपुर में कुछ स्थानों पर तेज बारिश दर्ज की गई। आंकड़ों पर नजर डालें तो अंबिकापुर में 32.3 मिमी, जगदलपुर में 6.4 मिमी और दुर्ग में 3.6 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई है। इस सीजन में अब तक हुई कुल बारिश की बात करें तो यह सामान्य के काफी करीब है और इसमें महज 3 फीसदी का मामूली घाटा दर्ज किया गया है।

खराब मौसम और बिजली गिरने पर रखें ये सावधानियां

मौसम के बदलते मिजाज को देखते हुए प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। अगर आसमान में बादल गरज रहे हों तो खुले मैदानों में रुकने के बजाय किसी पक्के मकान में शरण लें। इस दौरान पेड़ों के नीचे रुकना, बिजली के खंभों के पास जाना और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का इस्तेमाल करना खतरनाक हो सकता है। किसानों को भी अपनी काटी गई फसलों को सुरक्षित स्थानों पर ढककर रखने का सुझाव दिया गया है।

राजधानी रायपुर के मौसम का मिजाज

बात अगर रायपुर की करें तो 29 अगस्त को शहर में बादल छाए रहेंगे। दिन भर में एक-दो बार तेज बौछारें पड़ने या गरज-चमक के साथ बारिश होने का अनुमान है। इस दौरान राजधानी का अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रह सकता है।

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *