


दुर्ग। जिले में अवैध शराब बिक्री और निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत पर मदिरा बेचने वालों के खिलाफ आबकारी विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। कलेक्टर अभिजीत सिंह के निर्देश पर आबकारी विभाग की टीम ने सोशल मीडिया में वायरल खबर की जांच करते हुए एक व्यक्ति को अवैध रूप से शराब बेचते गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 31 नग देशी मदिरा मसाला के पाव बरामद किए गए हैं।
आबकारी विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, सोशल मीडिया में एक खबर प्रसारित हुई थी, जिसमें जवाहर नगर भिलाई स्थित देशी कम्पोजिट मदिरा दुकान बसंत विहार भिलाई के पास एक व्यक्ति द्वारा अधिक मूल्य पर शराब बिक्री करने की जानकारी दी गई थी। स्थानीय लोग इस शराब दुकान को आम बोलचाल की भाषा में “कचरा भट्ठी” के नाम से भी जानते हैं।

मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर अभिजीत सिंह ने आबकारी विभाग को तत्काल जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। निर्देश के बाद वृत्त प्रभारी अधिकारी एवं सहायक जिला आबकारी अधिकारी श्रीमती सुप्रिया शर्मा ने 15 जुलाई 2026 को मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। जांच के दौरान सोशल मीडिया में प्रसारित वीडियो की पड़ताल की गई।
वीडियो में दिखाई दे रहे व्यक्ति की पहचान आबकारी टीम ने की। जांच में उसकी पहचान मो. हामिद खान पिता नूर मोहम्मद निवासी बैकुंठधाम, थाना छावनी के रूप में हुई। आबकारी विभाग की टीम ने आरोपी से पूछताछ की और उसकी निशानदेही पर मदिरा दुकान के पास झाड़ियों में छिपाकर रखी गई शराब बरामद की।
टीम ने मौके से 31 नग पाव देशी मदिरा मसाला शोले जब्त की। आबकारी विभाग ने आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम 1915 के तहत कार्रवाई की है। आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 95/2026 दर्ज किया गया है। मामले में धारा 34 (1) (2) और 59 (क) के तहत अपराध कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
आबकारी विभाग द्वारा मामले की विवेचना की जा रही है और अवैध शराब बिक्री से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध शराब के कारोबार को रोकने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। शराब दुकानों के आसपास अवैध बिक्री, अधिक कीमत वसूली और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर निगरानी रखी जा रही है।
आबकारी विभाग ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि किसी क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री या शराब से संबंधित अनियमितता की जानकारी मिलती है तो इसकी सूचना विभाग को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। प्रशासन का कहना है कि अवैध शराब कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। शराब की अवैध बिक्री से जहां शासन को राजस्व का नुकसान होता है, वहीं सामाजिक स्तर पर भी कई समस्याएं उत्पन्न होती हैं। इसी को देखते हुए आबकारी विभाग द्वारा लगातार छापेमारी और जांच अभियान चलाया जा रहा है।
