
दुर्ग। छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश के कई शहरों में दिनदहाड़े सूने मकानों को निशाना बनाकर चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का दुर्ग पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने उत्तर प्रदेश के मेरठ से दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 400 ग्राम सोना बरामद किया है, जिसकी कीमत लगभग 60 लाख रुपये बताई जा रही है।
इस कार्रवाई के साथ ही लंबे समय से सक्रिय शातिर गिरोह की बड़ी साजिश का पर्दाफाश हुआ है। पुलिस के अनुसार, पिछले कुछ समय से दुर्ग और भिलाई के पॉश इलाकों, खासकर नेहरू नगर क्षेत्र में दिनदहाड़े चोरी की घटनाएं लगातार सामने आ रही थीं। सूने मकानों के ताले तोड़कर नकदी और जेवरात पार कर दिए जाते थे। लगातार बढ़ती घटनाओं ने पुलिस के सामने चुनौती खड़ी कर दी थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थाना सुपेला और एसीसीयू की संयुक्त टीम गठित की गई। जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थलों और आसपास के इलाकों के सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज खंगाले। कई दिनों की मेहनत के बाद पुलिस को कुछ संदिग्धों की धुंधली तस्वीरें और उनकी गतिविधियों से जुड़े अहम सुराग मिले।


तकनीकी जांच और फुटेज विश्लेषण के आधार पर पुलिस टीम आरोपियों का पीछा करते हुए दिल्ली और उत्तर प्रदेश के मेरठ तक पहुंच गई। पुलिस ने मेरठ निवासी मुख्य आरोपी हासीम खान को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने कई चौंकाने वाले खुलासे किए। आरोपी ने बताया कि गिरोह सबसे पहले बिलासपुर से एक एक्टिवा स्कूटी खरीदा था, जिसका इस्तेमाल वे रेकी और चोरी की वारदातों में करते थे।
गिरोह के सदस्य दुर्ग-भिलाई के पॉश इलाकों में घूमकर ऐसे मकानों की पहचान करते थे, जहां दिन के समय ताला लगा रहता था। मौका मिलते ही वे पलक झपकते ताला तोड़कर जेवरात और नकदी लेकर फरार हो जाते थे। पुलिस पूछताछ में यह भी सामने आया कि गिरोह ने केवल दुर्ग-भिलाई ही नहीं, बल्कि बिलासपुर के तिफरा क्षेत्र, नवा रायपुर और मध्य प्रदेश के जबलपुर में भी चोरी की कई बड़ी वारदातों को अंजाम दिया है।
चोरी के बाद आरोपी सीधे उत्तर प्रदेश भाग जाते थे, ताकि स्थानीय पुलिस उन्हें ट्रैक न कर सके। जांच में एक और अहम खुलासा तब हुआ जब पुलिस को चोरी के जेवरात ठिकाने लगाने वाले नेटवर्क की जानकारी मिली। आरोपियों ने बताया कि मेरठ स्थित एक ज्वेलरी कारोबारी सलीम खान चोरी का सोना खरीदता था।
इसके बाद दुर्ग पुलिस ने मेरठ में दबिश देकर सलीम ज्वेलर्स के संचालक को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके पास से चोरी का करीब 400 ग्राम सोना बरामद किया। इस पूरी कार्रवाई में दुर्ग पुलिस के साथ मेरठ और भोपाल पुलिस ने भी सहयोग किया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ में कई और महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं। गिरोह के कुछ सदस्य अभी भी फरार हैं और उनकी तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
