जांजगीर-चांपा। चांपा पुलिस की हिरासत में युवक की मौत के बाद जिले में हड़कंप मच गया है। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने चांपा थाने का घेराव कर दिया। स्थिति को देखते हुए थाने में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। मामले में एसपी विजय कुमार पाण्डेय ने कार्रवाई करते हुए आरक्षक ईश्वरी राठौर को निलंबित कर दिया है।

अवैध शराब के मामले में थाने लाई गई थी पुलिस

जानकारी के मुताबिक चांपा के मेहंदीपारा निवासी बुल्लु सहिस को पुलिस देर रात अवैध शराब के मामले में पूछताछ के लिए थाने लेकर आई थी। बताया जा रहा है कि थाने में उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। इसके बाद पुलिस उसे जिला अस्पताल जांजगीर लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया।


पुलिस की ओर से युवक को मिर्गी का दौरा पड़ने की बात कही जा रही है। वहीं, मृतक के परिजनों ने पुलिस पर मारपीट का आरोप लगाया है। इसी आरोप को लेकर परिजनों में आक्रोश है और वे मामले की निष्पक्ष जांच के साथ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

पत्नी को नौकरी और बच्चों की पढ़ाई की जिम्मेदारी की मांग

मृतक के परिजन अब उसकी पत्नी को सरकारी नौकरी देने और बच्चों की पढ़ाई की जिम्मेदारी उठाने की मांग पर अड़े हुए हैं। मांगों को लेकर परिजन थाने के बाहर डटे हैं, जिसके चलते तनाव की स्थिति बनी हुई है। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल की तैनाती बढ़ाई गई है। एसपी विजय कुमार पाण्डेय भी मौके पर मौजूद हैं और परिजनों से बातचीत कर उन्हें समझाने का प्रयास कर रहे हैं।

मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट भी पहुंचे चांपा थाना

मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (CJM) भी चांपा थाना पहुंचे हैं। वे मृतक के परिजनों से चर्चा कर रहे हैं। पुलिस हिरासत में हुई मौत के कारण मामले की जांच को लेकर भी प्रशासन और पुलिस स्तर पर सक्रियता बढ़ गई है। फिलहाल पुलिस और प्रशासन की ओर से परिजनों को शांत कराने का प्रयास किया जा रहा है। आरक्षक ईश्वरी राठौर के निलंबन के बाद अब आगे की जांच और कार्रवाई पर सभी की नजर है।

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *