रायपुर। राजधानी रायपुर में ट्रांसपोर्ट कारोबारी के अपहरण का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना खमतराई थाना क्षेत्र के डीएम टावर के पास की बताई जा रही है, जहां काले रंग की स्कॉर्पियो में सवार तीन लोग ट्रांसपोर्ट कारोबारी प्रतीक राय को जबरन अपने साथ ले गए। घटना के बाद से कारोबारी का मोबाइल फोन बंद है।

मिली जानकारी के मुताबिक, घटना 2 अक्टूबर की दोपहर करीब 2:28 बजे की है। प्रतीक राय घर से खाना खाने के लिए डीएम टावर के पास पहुंचे थे। इसी दौरान कुछ लोगों ने उन्हें बातचीत के बहाने नीचे बुलाया। नीचे पहुंचने के बाद उन्हें जबरन काले रंग की स्कॉर्पियो में बैठाकर वहां से ले जाया गया।


यूपी पासिंग है स्कॉर्पियो का नंबर

घटना के बाद जब प्रतीक राय से संपर्क करने की कोशिश की गई तो उनका मोबाइल बंद मिला। इसके बाद उनकी पत्नी अनिता राय ने खमतराई थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने स्कॉर्पियो के नंबर UP 32 RR 7454 को जांच का अहम आधार बनाया है। बताया जा रहा है कि कॉलोनी के एक युवक ने तीन संदिग्धों में से दो के मोबाइल नंबर पुलिस को बताए हैं। पुलिस इन नंबरों और वाहन की जानकारी के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ा रही है।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

खमतराई पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही संदिग्धों और कारोबारी की तलाश में जुटी है। फिलहाल प्रतीक राय के अपहरण के पीछे की वजह और उनकी मौजूदा स्थिति को लेकर पुलिस जांच जारी है।

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *