
जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर में एक महिला ने मोबाइल टावर पर चढी और फांसी के फंदे पर झूल गई। मंगलवार सुबह 5 बजे महिला कुनकुरी थाना कैम्पस के सामने टावर के पास पहुंची। टावर पर चढ़ी और 100 फीट ऊंचाई पर पहुंचने के बाद दुपट्टा को फंदा बनाकर लटक गई।
महिला ने सुसाइड से पहले डायल 112 पर कॉल किया था, पुलिस को उसने अपनी समस्या बताई थी, जिसके बाद उसे समझाइश दी गई थी। मामला कुनकुरी थाना क्षेत्र का है। बताया जा रहा है, नीलिमा लकड़ा (22) की दिमागी हालत ठीक नहीं थी, वह फोन पर अक्सर सुसाइड का वीडियो देखा करती थी।

जानिए क्या है पूरा मामला ?


नीलिमा लकड़ा (22) ग्राम धुमाडांड की रहने वाली थी। वह लंबे समय से मानसिक तनाव से जूझ रही थी। एक दिन पहले नीलिमा सोमवार (25 मई) को अपनी 4 साल की बेटी का आधार कार्ड बनवाने भटक रही थी। बच्ची का बर्थ सर्टिफिकेट बनवाने अपनी मां के साथ हॉस्पिटल भी गई थी, इसी दौरान अचानक वह लापता हो गई। रिश्तेदार उसकी तलाश कर रहे थे।
मंगलवार तड़के सुबह उसने डायल 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को अपनी जानकारी दी। इसके कुछ ही समय बाद वह थाना परिसर के सामने स्थित वायरलेस टावर पर चढ़ गई। घटना की सूचना मिलते ही कुनकुरी पुलिस, नगर सेना, डीडीआरएफ और नगर पंचायत की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस और बचाव दल ने युवती को लगातार समझाने और सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास किया।
पुलिस ने की कोशिश, बातों में उलझा कर रेस्क्यू का किया प्रयास
अधिकारियों ने उसे बातों में उलझाकर समय लेने की कोशिश भी की, लेकिन इसके बावजूद महिला ने टावर पर फांसी लगा ली। टॉवर की ऊंचाई ज्यादा होने के कारण शव को नीचे उतारने में परेशानी हुई। करीब 3-4 घंटे तक रेस्क्यू अभियान चला। इस दौरान थाना परिसर के आसपास बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। घटना की जानकारी मिलते ही एएसपी राकेश पटनवार, एसडीएम नंद पांडे, एसडीओपी विनोद कुमार मंडावी सहित कई अधिकारी मौके पर पहुंचे।
