



रायपुर। राजधानी रायुपर के कटोरा तालाब स्थित पान दुकान के पास कपड़ा कारोबारी से 60 लाख की उठाईगिरी में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। दोनों आरोपियों ने मिलकर एक सप्ताह तक रेकी कर उठाईगिरी की घटना को अंजाम दिया था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 53 लाख नगदी जब्त कर ली है। आरोपियों ने चोरी की रकम को अपने घर के गीजर, टीवी, और बच्चों के खिलौनों के अंदर छिपाए थे।
कपड़ा कारोबारी ने दर्ज करवाई थी शिकायत
शिकायतकर्ता किशोर बलवानी निवासी शैलेन्द्र नगर कोतवाली ने थाना सिविल लाइन में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी पंडरी कपड़ा मार्केट में रेडीमेड कपड़ों की दुकान है, जिसका वह संचालन करता है। 9 अक्टूबर की सुबह 11ः40 बजे घर से अपनी एक्टिवा के सामने के पायदान पर सफेद रंग के कपड़े के बैग में नगद रखकर दुकान जा रहा था।

करीब 11ः45 बजे अप्पू पान ठेला के सामने संत कंवर राम चौक कटोरा तालाब में वाहन खड़ी कर पान खाने दुकान गया था। पान खाकर वापस लौटा तो देखा कि उसकी एक्टिवा से नगदी गायब थी। कोई अज्ञात चोर नगदी चोरी कर ले गया।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना सिविल लाईन में धारा 303(2) बीएनएस का अपराध पंजीबद्ध किया। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए DCP क्राईम स्मृतिक राजनाला, DCP उत्तर क्षेत्र तारकेश्वर पटेल द्वारा आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने के निर्देश दिए गए।
सीसीटीव्ही कैमरों की जाँच
साइबर यूनिट और थाना सिविल लाइन पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा घटना की जांच की गई। टीम ने प्रार्थी से विस्तृत पूछताछ कर आसपास के लोगों से जानकारी जुटाई तथा घटनास्थल एवं उसके आसपास लगे सीसीटीव्ही कैमरों के फुटेज का बारीकी से अवलोकन किया। साथ ही, आरोपियों की पतासाजी के लिए मुखबिर सक्रिय किया गया।
तरीका वारदात के आधार पर पूर्व में इस प्रकार की घटनाओं को अंजाम देने वाले आरोपियों व हाल ही में जेल से रिहा हुए व्यक्तियों के संबंध में जानकारी जुटाई गई। साथ ही अज्ञात आरोपियों की पहचान सुनिश्चित करने के लिए तकनीकी विश्लेषण किया गया।
पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध
जांच के दौरान सीसीटीव्ही फुटेज में बिना नंबर की पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिए। फुटेज में वारदात को अंजाम देने के बाद फरार होते नजर आए। पुलिस टीम ने आरोपियों के भागने के संभावित मार्गों पर लगे हजारों सीसीटीव्ही कैमरों के फुटेज खंगाले और एक कैमरे से दूसरे कैमरे के फुटेज का क्रमवार विश्लेषण करते हुए गतिविधियों का पता लगाने का प्रयास किया।
पहचान छिपाने बदल रहे थे कपड़े
फुटेज की जाँच में सामने आया कि आरोपी अपनी पहचान छिपाने के उद्देश्य से बार-बार कपड़े बदल रहे थे और ऐसे रास्तों का उपयोग कर रहे थे, जहां सीसीटीव्ही कैमरों की निगरानी नहीं थी। सभी तथ्यों एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर टीम के सदस्यों द्वारा आरोपियों की पहचान करने में सफलता प्राप्त की गई। आरोपियों की पहचान कमलेश कुशवाहा एवं मनीष यदु के रूप में हुई। दोनों की पतासाजी कर उन्हें पकड़ा गया। प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर पूछताछ करने पर दोनों आरोपियों ने चोरी करने की बात स्वीकार की।
एक सप्ताह से रेकी
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे पिछले एक सप्ताह से प्रार्थी का पीछा कर उसकी रेकी कर रहे थे तथा उसकी दैनिक गतिविधियों पर नजर रख रहे थे। वे प्रार्थी के घर से दुकान आने-जाने एवं अन्य गतिविधियों की जानकारी जुटा रहे थे। 9 अक्टूबर को प्रार्थी के घर से निकलते ही दोनों आरोपियों ने उसका पीछा किया और कटोरा तालाब स्थित संत कंवर राम चौक के पास मौका पाकर घटना को अंजाम दिए थे।
आरोपियों ने चोरी/उठाईगिरी की नगदी रकम को अपने घर में गीजर के अंदर, टीवी के पीछे और बच्चों के खिलौनों के अंदर छिपाकर रखे थे। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर कुल 53 लाख रुपये नगद बरामद किया गया। आरोपियों द्वारा चोरी की रकम का कुछ हिस्सा अपने तीन बैंक खातों में भी जमा किये थे, जिन्हें फ्रीज कराया गया है।
आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड
आरोपी मनीष यदु जुआ एवं सट्टा खेलने का आदी है। उसके विरुद्ध थाना सिविल लाईन में मारपीट एवं जुआ एक्ट के प्रकरण दर्ज रहे हैं, जिनमें वह जेल निरुद्ध रह चुका है। इसके अतिरिक्त वर्ष 2012 में आरोपी मनीष यदु द्वारा थाना आजाद चौक में नगद रकम लूट की झूठी रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी, जिसमें उसके विरुद्ध कार्रवाई की गई थी। वहीं दूसरा आरोपी कमलेश कुशवाहा पूर्व में थाना सिविल लाइन के मारपीट संबंधी प्रकरण में गिरफ्तार होकर जेल जा चुका है।
गिरफ्तार आरोपी
01. मनीष यदु पिता शत्रुघन लाल यदु उम्र 39 साल निवासी गुरु कृपा किराना स्टोर के पास सेक्टर 02 डी.डी. नगर, थाना डी. डी. नगर रायपुर।
02. कमलेश कुशवाहा पिता शिवनाथ कुशवाहा उम्र 36 साल निवासी भारत माता स्कूल चर्च के पास टाटीबंध थाना आमानाका रायपुर।
