कवर्धा। कबीरधाम जिले के बैगा आदिवासी बाहुल्य गांव नंदनी कुमान में कुछ महीनों के भीतर पांच बच्चों की मौत का मामला अब सियासी तूल पकड़ने लगा है। मामले को गंभीरता से लेते हुए छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने सात सदस्यीय जांच समिति का गठन किया है। यह समिति प्रभावित गांव का दौरा कर मृत बच्चों के परिजनों, ग्रामीणों और स्वास्थ्यकर्मियों से चर्चा करेगी। इसके बाद जांच रिपोर्ट प्रदेश कांग्रेस कमेटी को सौंपी जाएगी।

जांच समिति में इन नेताओं को किया गया शामिल

प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से जारी पत्र के मुताबिक, मोहला-मानपुर विधायक इंद्रशाह मंडावी को जांच समिति का संयोजक बनाया गया है। समिति में विधायक सावित्री मंडावी, जनक ध्रुव और हर्षिता स्वामी बघेल के अलावा पूर्व विधायक भानूप्रताप सिंह, ममता चंद्राकर और कवर्धा जिला कांग्रेस अध्यक्ष नवीन जायसवाल को शामिल किया गया है।


कांग्रेस ने समिति के सदस्यों से जल्द प्रभावित गांव का दौरा करने और मामले की वास्तविक स्थिति की जानकारी जुटाने को कहा है। समिति पीड़ित बैगा जनजाति के परिवारों, ग्रामीणों और स्वास्थ्यकर्मियों से चर्चा कर अपनी रिपोर्ट प्रदेश कांग्रेस कमेटी को सौंपेगी।

चार महीने में पांच बच्चों की मौत से चिंता

दरअसल, कवर्धा जिले के रेंगाखार वनांचल क्षेत्र के ग्राम नंदनी कुमान में पिछले कुछ महीनों के दौरान पांच बच्चों की मौत का मामला सामने आया है। इसके अलावा, गांव के करीब 16 बच्चों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बोड़ला में भर्ती कराए जाने की जानकारी भी सामने आई है। बच्चों की मौत के वास्तविक कारणों को लेकर अब तक स्थिति स्पष्ट नहीं हुई है। ग्रामीणों ने किसी अज्ञात बीमारी की आशंका जताई है। मौतों के कारणों की आधिकारिक पुष्टि जांच और चिकित्सकीय जानकारी सामने आने के बाद ही हो सकेगी।

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *