रायगढ़। छत्तीसगढ़ की रायगढ़ पुलिस ने नकली शराब बनाने वाले मुख्य आरोपी सुभाष पटेल को गिरफ्तार किया है। आरोपी फार्म हाउस को ही शराब बनाने वाली फैक्ट्री बनाकर रखा था। मौके से पुलिस ने स्प्रिट, नकली होलोग्राम, खाली बोतल, गैस चूल्हा बरामद किया है। आरोपी ने कबूल किया है कि वो नकली शराब में कलर लाने के लिए चायपत्ती का पानी मिलाता था।

जानिए पूरा मामला

दरअसल 8 जून की रात रायगढ़ पुलिस व आबकारी विभाग की संयुक्त टीम द्वारा जिले में लंबे समय से संचालित नकली शराब के एक संगठित नेटवर्क का पर्दाफाश कर मीडिया को जानकारी दी गई थी। रायगढ़ पुलिस ने थाना कोतरारोड़ क्षेत्र के ग्राम धनागर में की गई रेड कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में बिक्री के लिए तैयार नकली शराब 869 नग विभिन्न पैमानों (पौव्वा, अद्धी एवं बोतल) की लगभग 240 लीटर नकली शराब के साथ शराब ढक्कन, स्प्रिट के ड्रम, केटली, खाली बोतलें बरामद किया गया था। साथ ही आरोपी दुष्यंत उर्फ पप्पू को गिरफ्तार किया गया था, गिरोह के अन्य सदस्य सुभाष पटेल व विनय ठाकुर फरार थे।


फार्म हाउस में छिपा था आरोपी

फरार आरोपियों की तलाश के दौरान पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि आरोपी सुभाष चन्द्र पटेल अपने ग्राम जोरापाली स्थित फार्म हाउस में छिपा हुआ है। सूचना पर थाना प्रभारी कोतरारोड़ निरीक्षक शील सिंह आदित्य के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर आरोपी सुभाष चन्द्र पटेल पिता पुरुषोत्तम पटेल, उम्र 50 वर्ष, निवासी धनागर, थाना कोतरारोड़ को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि वह अपने भाई व सह-आरोपी विनय सिंह ठाकुर के साथ मिलकर नकली शराब के अवैध कारोबार में संलिप्त था। गिरोह द्वारा फार्म हाउस में शराब का भंडारण किया जाता था। साथ ही उसमें मिलावट कर नकली होलोग्राम, फर्जी लेबल लगाकर विभिन्न स्थानों पर कोचियों के माध्यम से बिक्री करा रहा था।

शराब में स्प्रिट मिलाकर उसकी मात्रा बढ़ा

आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वे शराब में स्प्रिट मिलाकर उसकी मात्रा बढ़ाते थे और उसे खाली शराब की बोतलों में भरकर सील करते थे। नकली शराब पर फर्जी होलोग्राम व लेबल लगाए जाते थे। स्प्रिट मिलाने के कारण शराब का रंग फीका पड़ जाने पर उसमें चायपत्ती का रंग मिलाकर उसे असली जैसा स्वरूप दिया जाता था। आरोपी की निशानदेही पर फार्म हाउस से गैस सिलेंडर, सिंगल गैस चूल्हा, एल्यूमिनियम की डेगची तथा शराब तैयार करने में प्रयुक्त खाली बोतलें बरामद कर जब्त की है।

आरोपी सुभाष चन्द्र पटेल को थाना कोतरारोड़ के अपराध क्रमांक 178/2026 में धारा 336(4), 336(3), 340(2), 61(2), 275 बीएनएस तथा 34(2), 36, 49(क), 59(क) आबकारी अधिनियम के तहत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। प्रकरण में शामिल अन्य फरार आरोपी विनय ठाकुर की गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जायेगा।

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *