बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला हत्या का एक खौफनाक मामला सामने आया है। परसली गांव में एक सनकी भाई ने अपनी ही बहन पर धारदार कैंची से हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल युवती की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। वहीं मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी भाई को गिरफ्तार कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। यह मामला देवरी थाना क्षेत्र का है।

पहले दोपहर में हुई थी मारपीट

जानकारी के मुताबिक, मृतका की पहचान तनीषा सोनकर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शुक्रवार दोपहर तनीषा देवरी थाना पहुंची थी, जहां उसने अपने भाई पोषण सोनकर के खिलाफ मारपीट की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाइश दी। इसके बाद युवती ने अपना आवेदन वापस ले लिया था।


पुलिस की समझाइश के बाद, सोते समय भाई ने बहन पर किया हमला

पुलिस की समझाइश के बाद मामला शांत हो गया था, लेकिन कुछ ही घंटों बाद आरोपी भाई ने खौफनाक वारदात को अंजाम दे दिया। बताया जा रहा है कि जब तनीषा घर में सो रही थी, उसी दौरान पोषण सोनकर ने धारदार कैंची से उसके गले पर हमला कर दिया। हमले में युवती गंभीर रूप से घायल हो गई।

घटना के बाद परिजनों ने आनन-फानन में उसे देवरी अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक होने पर उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल राजनांदगांव रेफर किया गया। वहां इलाज के दौरान युवती ने दम तोड़ दिया। मामले की सूचना मिलते ही देवरी पुलिस ने आरोपी पोषण सोनकर को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस हत्या के प्रकरण में अपराध दर्ज कर जांच में जुट गई है।

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *