
भिलाई। सोशल मीडिया पर वायरल होने और लाइक्स पाने की चाहत में युवा किस हद तक जोखिम उठा रहे हैं, इसका एक और मामला भिलाई से सामने आया है। यहां बीच सड़क पर बाइक से खतरनाक स्टंट कर रील बनाना दो युवकों को महंगा पड़ गया। वायरल वीडियो के आधार पर छावनी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उनके वाहनों को भी जब्त कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक, घटना भिलाई के व्यस्त पावर हाउस बस स्टैंड इलाके की है। यहां दो युवक बुलेट बाइक पर सवार होकर सड़क पर स्टंट करते और तेज आवाज में हुड़दंग मचाते नजर आए। इस दौरान वहां मौजूद लोगों ने उनका वीडियो बना लिया, जो बाद में व्हाट्सएप और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर तेजी से वायरल हो गया।

वीडियो में युवक बीच सड़क पर बाइक को लहराते, तेज रफ्तार में चलाते और खतरनाक तरीके से स्टंट करते दिखाई दे रहे थे। यह करतूत न सिर्फ उनकी खुद की जान के लिए खतरा थी, बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य लोगों और वाहनों के लिए भी गंभीर जोखिम बन गई थी।


वीडियो वायरल होने के बाद छावनी पुलिस हरकत में आई। पुलिस ने वीडियो के आधार पर युवकों की पहचान की और उन्हें पकड़ने के लिए कार्रवाई शुरू की। जांच के बाद पुलिस ने आरोपियों की पहचान आकाश और रितेश के रूप में की। दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसके बाद उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया।
पुलिस ने बताया कि दोनों युवक सोशल मीडिया पर रील बनाने के लिए इस तरह के स्टंट कर रहे थे। वे लोगों का ध्यान आकर्षित करने और वीडियो वायरल करने के उद्देश्य से सार्वजनिक सड़क पर खतरनाक हरकतें कर रहे थे। पुलिस ने उनकी बाइक भी जब्त कर ली है।
दुर्ग पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए साफ चेतावनी दी है कि सड़क पर स्टंट, हुड़दंग और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने के लिए लोगों की जान खतरे में डालना अपराध है और ऐसे मामलों में सीधे कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
