


CG Monsoon Session 2026: छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र के तीसरे दिन प्रश्नकाल के दौरान ज्वलंब मुद्दों पर सत्ता व विपक्ष के विधायक मंत्रियों को घेरेंगे। ब्लैक लिस्टेड कंपनी से दवा खरीदी के मुद्दे से लेकर प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति और दुष्कर्म की बढ़ती घटनाओं को लेकर सदन में हंगामे के आसर दिखाई दे रहे हैं। जेल में हो रही मौत का मामला भी उठेगा।
पढ़िए विधायकों ने क्या पूछे हैं सवाल
मेसर्स ‘यूनिक्योर इंडिया लिमिटेड’ की अमानक औषधियों का क्रय

भूपेश बघेल: क्या यह सत्य है कि दवा निर्माता कंपनी मेसर्स ‘यूनिक्योर इंडिया लिमिटेड’ द्वारा प्रदायित ‘एस्पिरिन टैबलेट्स आइपी’ गुणवत्ता मानकों पर विफल होने के कारण गुजरात राज्य द्वारा ब्लैकलिस्टेड की गई थी ? यदि हां, तो क्या इसकी आधिकारिक संसूचना छत्तीसगढ़ शासन या सीजीएमएससी को प्राप्त हुई थी ? क्या यह भी सत्य है कि छत्तीसगढ़ में इसी अमानक औषधि के क्रय एवं आपूर्ति आदेश को त्वरित स्वीकृति प्रदान की गई ? यदि हां, तो स्थापित वित्तीय नियमों को शिथिल करने हेतु कौन से लोकसेवक उत्तरदायी हैं ?
इस प्रतिबंधित अवधि के दौरान या उसके बाद उक्त कंपनी से कुल कितनी मात्रा एवं किस संविदा दर पर औषधियां क्रय की गईं? कुल कितना वित्तीय भुगतान किया गया तथा क्या क्रय-पूर्व अनिवार्य बैच-परीक्षण संपन्न कराया गया था ? क्रय नियमों के इस गंभीर उल्लंघन पर विभाग द्वारा दोषी अधिकारियों एवं क्रय समिति के विरुद्ध अब तक की गई दंडात्मक कार्रवाई का पूर्ण विवरण क्या है।
प्लेसमेंट एजेंसी के द्वारा उपलब्ध कराये गए कर्मियों का अनिवार्य पुलिस सत्यापन
धरमलाल कौशिक:- क्या विधानसभा प्रश्न क्रमांक 1958, 12 मार्च 2026 के उत्तर में उल्लेखित है कि कॉल-मी प्लेसमेंट एजेंसी द्वारा मात्र 40 कर्मियों का सत्यापन 15 जनवरी, 2026 की स्थिति में किया गया एवं साथ ही अनुबंध में पुलिस सत्यापन कराया जाना अनिवार्य है? यदि हाँ, तो वर्ष 2024 से कार्यरत कर्मियों का पुलिस सत्यापन नहीं कराये जाने के क्या कारण हैं?
वर्ष 2024 से जून, 2026 तक बिना पुलिस सत्यापन कराए कितना भुगतान किया गया है ? माहवार, संख्यावार एवं राशिवार जानकारी देवें ? क्या प्रश्न क्र. 1958 के उत्तर में उल्लेखित है कि प्रश्न क्र. 602 की प्रश्न अवधि में उक्त फर्म को कर्मियों के भुगतान हेतु 14 करोड़ से अधिक का भुगतान किया गया है ? यदि हां, तो अनुबंध का पालन न कर भुगतान की आर्थिक अनियमितता करने तथा अनियमितता पूर्ण भुगतान पाने के लिये कौन-कौन उत्तदायी है?
नाम, पदनाम सहित विवरण देवें तथा 20 जून 2026 की स्थिति में भुगतान की गई राशि भी बतावें ? प्रश्नांश क अनुसार संस्थाओं के सुरक्षा कर्मी/प्लेसमेंट कर्मी की वर्ष 2023 से जून, 2026 तक अभद्रता/मारपीट/अमर्यादित व्यवहार की शिकायतें कब-कब, किसने, किसको एवं क्या शिकायत की एवं क्या कार्यवाही हुई? शिकायतवार जानकारी देवें ? क्या उक्त प्लेसमेंट एजेंसी के कर्मियों के विरूद्ध थाने में भी शिकायतें हुई है? यदि हां तो जानकारी देवें ?
प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के सड़कों की स्थिति
प्रबोध मिंज : लुण्ड्रा विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना (pmgsy) की कुल कितनी सड़कें हैं? किन-किन वर्षों में निर्माण किए गए हैं? विवरण देवें ? वर्ष 2026-27 में जून, 2026 तक उक्त सड़कों की क्या स्थिति है ? कितनी खराब हैं, जर्जर हैं, एवं गड्ढे युक्त हैं? विवरण देवें ? प्रश्नांक “क” अनुसार खराब सड़कों की मरम्मत/पुनर्निर्माण कब तक पूर्ण कर लिया जाएगा? विवरण देवें ? प्रश्नांक “क” अनुसार निर्माण की गई सड़कों में मरम्मत, संधारण में कितनी-कितनी राशि खर्च की गई है।
प्रदेश में महिलाओं, नाबालिग बच्चियों के साथ दुष्कर्म, हत्या की बढ़ती घटनाएं
संगीता सिन्हा: 01 जनवरी, 2023 से 15 जून, 2026 तक प्रदेश में महिलाओं तथा नाबालिग बच्चियों के साथ दुष्कर्म, अपहरण, छेड़खानी, मारपीट, हत्या एवं हत्या के प्रयास की कितनी सूचनायें थानों को प्राप्त हुई है एवं इनमें से कितनी सूचनाओं पर पुलिस द्वारा प्राथमिकी दर्ज की गयी है? महिलाओं एवं नाबालिग बच्चियों का पृथक-पृथक जिलेवार, वर्षवार विवरण देवें ?
कण्डिका ‘क’ के कुल दर्ज कितने प्रकरणों में कितने आरोपितों की गिरफ्तारी की गई है? कितने प्रकरणों में खात्मा, खारिजी की कार्यवाही की गई है ? कितने प्रकरणों में मान० न्यायालय में चालान प्रस्तुत किया गया है एवं कितने प्रकरण पुलिस के पास 02 माह से अधिक समय से लंबित हैं ? जानकारी देवें ? 15 जून, 2026 की स्थिति में प्रदेश में महिला थानों की संख्या कितनी है ?
नाबालिग बच्चियों के साथ लगातार बढ रहे यौन अपराधों की घटना की रोकथाम के लिए क्या प्रयास किये जा रहे हैं ? क्या POCSO Act, 2012 (लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम, 2012) में दोषियों के लिए और कठोर प्रावधान बनाने की आवश्यकता है या इस दिशा में शासन स्तर पर कोई विचार चल रहा है ?
हत्या, लूटपाट, अपहरण और हिरासत में मौत का मामला
उमेश पटेल :- विगत दो वर्षों में प्रदेश में हत्या, लूटपाट, अपहरण, हिरासत में मृत्यु और जेल में मृत्यु के कितने मामले हैं ? जिलेवार जानकारी देवें ? प्रदेश में सर्वाधिक से सबसे कम अपराध वाले जिलों की जानकारी क्रमवार देवें? उक्त क्रम में रायगढ़ जिला की अद्यतन स्थिति की जानकारी देवें? बढ़ते हुए अपराध हत्या अपहरण आदि को रायगढ़ में कम करने हेतु क्या उपाय किये गये हैं? जानकारी देवें ?
CGMSC द्वारा ANG लाइफ साइंसेज, अमृतसर से दवाई खरीदी
सुशांत शुक्ला: सीजीएमएससी द्वारा ए.एन.जी. लाइफ साइंसेस, अमृतसर से 2022 से जून, 2026 तक कितनी-कितनी मात्रा में एवं कौन-कौन सी दवाईयां किस-किस दर पर कितनी-कितनी राशि की क्रय की गई ? क्या प्रश्नांश ‘क’ की कंपनी को भुगतान नहीं करने हेतु आयकर विभाग से पत्र प्राप्त हुआ था ? यदि हां, तो कब ? कंपनी को भुगतान कब-कब एवं किस-किस बैंक खाते में किया गया ?
क्या आयकर विभाग से पत्र प्राप्ति के पश्चात कंपनी को भुगतान किया गया ? यदि हां, तो भुगतान का कारण बताएं ? क्या उपरोक्त प्रकरण पर शासन स्तर से जांच कराई गई? यदि हां, तो जांच किस स्तर के किस अधिकारी द्वारा की गई ? जांच में क्या पाया गया ? जिम्मेदार अधिकारी/ कर्मचारियों पर क्या कार्रवाई की गई ?
