कोंडागांव। छत्तीसगढ़ कोंडागांव में शनिवार को पत्नी और चाचा से झगड़े के बाद पति नशे की हालत में बिजली टावर पर चढ़ गया। युवक करीब 150 फीट की ऊंचाई पर करीब 2 घंटों तक बैठा रहा। सूचना मिलते ही पुलिस और राजस्व की टीम मौके पर पहुंची। काफी समझाने के बाद युवक नीचे उतरा।

युवक का नाम संतोष कोर्राम (32) है। वह नशे का आदी है। करीब 2 साल पहले उसकी पहली पत्नी की मौत हो चुकी है। इसके बाद उसने अपनी साली से दूसरी शादी कर ली। संतोष मजदूरी करता है। समझाने के बाद उसने दोबारा ऐसा कदम नहीं उठाने की बात कही। घटना कोंडागांव सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है।


घर से निकला और सीधे टावर पर चढ़ गया

डोंगरीपारा निवासी संतोष कोर्राम का पत्नी और चाचा से किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया था। विवाद के बाद वह नाराज होकर घर से निकला और पास ही 400 केवी हाईवोल्टेज लाइन के टावर पर चढ़ गया। युवक को इतनी ऊंचाई पर देखकर आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस और प्रशासन को सूचना दी।

पुलिस और राजस्व अफसरों की समझाइश के घंटों बाद उतरा टावर से

सूचना मिलते ही तहसीलदार मनोज रावटे के साथ पुलिस और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची। संतोष कोर्राम टावर पर काफी ऊंचाई पर था, इसलिए टीम ने बिना जल्दबाजी के उससे बातचीत शुरू की। अधिकारियों ने उसे शांत रहने और सुरक्षित नीचे आने के लिए समझाया।

मौके पर मौजूद लोगों ने भी संतोष कोर्राम से बातचीत कर किसी तरह का गलत कदम नहीं उठाने की समझाइश दी। काफी देर बाद संतोष कोर्राम नीचे उतरने के लिए तैयार हुआ। पुलिस और राजस्व टीम की मदद से उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया गया।

पत्नी और चाचा से विवाद के बाद हो गया था परेशान

युवक संतोष कोर्राम ने बताया कि घर में परेशानी और विवाद के कारण उसने यह कदम उठाया। उसने बताया कि चाचा और पत्नी के साथ विवाद के बाद वह मानसिक रूप से परेशान हो गया था। परिवार में लगातार विवाद होने से वह तनाव में था और इसी कारण टावर पर चढ़ गया। तहसीलदार मनोज रावटे ने बताया कि युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया है और वर्तमान में स्थिति सामान्य है। युवक पूरी तरह सुरक्षित है और किसी मेडिकल उपचार की जरूरत नहीं पड़ी है।

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *