



बेमेतरा। छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में शिक्षकों ने अपनी तीन सूत्रीय मांगों को लेकर एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया। छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक समग्र फेडरेशन एवं नवीन शिक्षक संघ के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन में बड़ी संख्या में शिक्षक शामिल हुए। शिक्षकों ने TET की अनिवार्यता समाप्त करने समेत अपनी अन्य मांगों को लेकर शासन-प्रशासन के खिलाफ आवाज बुलंद की।
प्रदर्शन के दौरान शिक्षक संगठनों ने कहा कि लंबे समय से उनकी विभिन्न मांगें लंबित हैं, लेकिन अब तक उनका अपेक्षित समाधान नहीं हुआ है। शिक्षकों ने सरकार से मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की।

TET अनिवार्यता खत्म करने की मांग
शिक्षकों की प्रमुख मांग TET की अनिवार्यता समाप्त करना है। संघ पदाधिकारियों का कहना है कि लंबे समय से सेवा दे रहे शिक्षकों के सामने TET को लेकर सेवा सुरक्षा और पदोन्नति से जुड़ी चिंताएं बनी हुई हैं। ऐसे में शासन को शिक्षकों के हित में स्पष्ट निर्णय लेना चाहिए। शिक्षक संगठनों ने अपनी अन्य लंबित मांगों का भी जल्द निराकरण करने की मांग की है।
DEO कार्यालय का किया घेराव
धरना प्रदर्शन के बाद बड़ी संख्या में शिक्षक जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) कार्यालय पहुंचे और कार्यालय का घेराव कर अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। इस दौरान शिक्षकों ने नारेबाजी करते हुए शासन-प्रशासन से मांगों पर तत्काल पहल करने की मांग की। संघ पदाधिकारियों ने कहा कि शिक्षक अपनी मांगों को लेकर लगातार शासन और विभाग का ध्यान आकर्षित कर रहे हैं। यदि अब भी मांगों का समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को आगे और तेज किया जाएगा।
मांगें पूरी नहीं हुईं तो उग्र आंदोलन की चेतावनी
शिक्षक संघ ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों का जल्द निराकरण नहीं किया गया, तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। संघ पदाधिकारियों ने कहा कि शिक्षक अपने अधिकारों और सेवा सुरक्षा से जुड़े मुद्दों को लेकर पीछे हटने वाले नहीं हैं। एक दिवसीय धरना प्रदर्शन और DEO कार्यालय घेराव के बाद अब शिक्षकों की नजर शासन की आगामी कार्रवाई पर है।
