डोंगरगढ़/ त्योहारी सीजन के बीच आबकारी विभाग ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। डोंगरगढ़ क्षेत्र के ग्राम राका में एक निर्माणाधीन मकान से मध्यप्रदेश निर्मित अंग्रेजी शराब की करीब 10 पेटी बरामद की गई है। कार्रवाई के दौरान एक आरोपी को मौके से गिरफ्तार किया गया, जबकि मुख्य आरोपी फरार होने में कामयाब रहा।

जानकारी के मुताबिक, सहायक जिला आबकारी अधिकारी के नेतृत्व में डोंगरगढ़ और राजनांदगांव आबकारी विभाग की संयुक्त टीम गठित कर ग्राम राका में दबिश दी गई। टीम जब मौके पर पहुंची, उस समय कथित तौर पर मुख्य आरोपी अंकुश पटेल के निर्माणाधीन मकान में शराब खाली की जा रही थी। वहीं मौके से रोशन सिन्हा को आबकारी टीम ने गिरफ्तार कर लिया।


बरामद शराब मध्यप्रदेश निर्मित बताई जा रही है और इसकी कीमत लाखों रुपये में होने की जानकारी सामने आई है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक रिमांड पर पेश कर जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है। इस पूरी कार्रवाई में सबसे बड़ा सवाल यह है कि एक तरफ पुलिस लगातार अवैध शराब की बिक्री पर कार्रवाई का दावा कर रही है और छोटे-मोटे शराब कोचियों को पकड़ रही है, वहीं दूसरी ओर आबकारी विभाग ने मध्यप्रदेश निर्मित अंग्रेजी शराब की इतनी बड़ी खेप बरामद की है।

फिलहाल, आबकारी विभाग की कार्रवाई के बाद मुख्य आरोपी अंकुश पटेल फरार है, जबकि रोशन सिन्हा को गिरफ्तार कर लिया गया है। अब जांच में यह स्पष्ट होगा कि जब्त शराब कहां से लाई गई थी और इसे डोंगरगढ़ क्षेत्र में किन लोगों तक पहुंचाया जाना था।

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *