
भिलाई नगर। रेलवे में नौकरी दिलाने के नाम पर कथित रिश्वत लेने के मामले में सीबीआई की कार्रवाई के बाद अंतरराष्ट्रीय बॉडी बिल्डिंग रेफरी बी. राजशेखर राव की मुश्किलें बढ़ गई हैं। छत्तीसगढ़ प्रदेश बॉडी बिल्डर एसोसिएशन ने मामले को गंभीर मानते हुए उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की है।
एसोसिएशन की आपातकालीन बैठक में सर्वसम्मति से फैसला लिया गया कि बी. राजशेखर राव को सभी पदों और बॉडी बिल्डिंग से जुड़ी सभी खेल गतिविधियों से आगामी आदेश तक निलंबित किया जाएगा। जानकारी के अनुसार हाल ही में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने रेलवे में नौकरी दिलाने के नाम पर रिश्वत लेने के आरोप में बी. राजशेखर राव को गिरफ्तार किया था।

गिरफ्तारी के बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए इंडियन बॉडी बिल्डिंग फेडरेशन के निर्देश पर छत्तीसगढ़ प्रदेश बॉडी बिल्डर एसोसिएशन की एग्जीक्यूटिव बॉडी की आपात बैठक भिलाई में आयोजित की गई।


बैठक की अध्यक्षता एसोसिएशन के अध्यक्ष महेंद्र कुमार टेकाम ने की। इस दौरान इंडियन बॉडी बिल्डिंग फेडरेशन के अध्यक्ष स्वामी रमेश कुमार और महासचिव चेतन एम. पठारे द्वारा जारी निर्देशों पर विस्तार से चर्चा की गई। इसके बाद सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि मामले की निष्पक्षता और खेल संगठन की छवि बनाए रखने के लिए बी. राजशेखर राव को सभी जिम्मेदारियों से तत्काल प्रभाव से हटाया जाए।
बैठक में यह भी तय किया गया कि एसोसिएशन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष अरविंद सिंह को महासचिव पद के कार्यों का अतिरिक्त प्रभार सौंपा जाएगा। संगठन के पदाधिकारियों का कहना है कि खेल संस्था की साख बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार के विवाद या आरोप से संगठन की छवि प्रभावित नहीं होने दी जाएगी।
बैठक में वरिष्ठ उपाध्यक्ष अरविंद सिंह, उपाध्यक्ष जितेंद्र सिंह ठाकुर, कार्यकारिणी सदस्य रमेश हिरवानी, सुमित विश्वास, मोहम्मद सलीम, नाहिद खान, कोषाध्यक्ष तुलसी प्रसाद सोनी सहित कई अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। वहीं बिलासपुर से सुभाष कुमार वर्चुअल माध्यम से बैठक में शामिल हुए।
एसोसिएशन अध्यक्ष महेंद्र कुमार टेकाम ने बताया कि बैठक में लिए गए सभी निर्णयों की विस्तृत जानकारी जल्द ही इंडियन बॉडी बिल्डिंग फेडरेशन को भेजी जाएगी। उन्होंने कहा कि संगठन खेल और खिलाड़ियों की गरिमा बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है तथा किसी भी विवादित गतिविधि को गंभीरता से लिया जाएगा।
