दुर्ग। गांजा बेचने के अवैध कारोबार से करोड़ों की संपत्ति खड़ी करने वाले हिस्ट्रीशीटर मनोज साहू पर दुर्ग पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने उसकी 16.68 एकड़ जमीन अटैच करा दी है। धमधा क्षेत्र के शातिर गांजा तस्कर मनोज ने काले धन से 8 करोड़ रुपए की 16.68 एकड़ कृषि भूमि खरीदी थी। पुलिस ने उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 68(एफ) के तहत सफेमा कोर्ट मुंबई में प्रकरण भेजकर उसकी संपत्ति अटैच कराने का आदेश पारित कराया।

पुलिस के मुताबिक, मनोज साहू (45 वर्ष), निवासी ग्राम राजपुर, थाना धमधा लंबे समय से गांजा तस्करी और बिक्री में लिप्त था। उसके खिलाफ तस्करी से जुड़े 12 मामले दर्ज हैं। इसलिए उसे धमधा थाना की गुंडा बदमाश लिस्ट में डाला गया। उसकी गतिविधियों और वित्तीय पड़ताल में पता चला कि उसने गांजा तस्करी से अर्जित अवैध आय से बड़े पैमाने पर जमीन खरीदी है।


ग्राम धमधा, राजपुर और परपोड़ी क्षेत्र में करीब 8 करोड़ की कुल 16.68 एकड़ कृषि भूमि खरीदने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस ने पूरी संपत्ति का ब्यौरा तैयार कर मामला मुंबई स्थित सफेमा कोर्ट में प्रस्तुत किया था।

आरोपी 25 साल से गांजा तस्करी में था संलिप्त

आरोपी मनोज साहू वर्ष 2001 से गांजा तस्करी से जुड़ा है। वह जेल भी गया। लेकिन छूटने के बाद दोबारा गांजा खरीदी-बिक्री में लग गया। धमधा थाने में ही साल 2002 में दूसरा केस आबकारी एक्ट में दर्ज हुआ। इसके बाद नारकोटिक एक्ट में 2005 और 2013 तक एक-एक केस दर्ज हुए। वर्ष 2016 में उसके खिलाफ दो अपराध पंजीबद्ध हुए। मनोज को कुम्हारी पुलिस ने भी पकड़ा। 2020 में उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।

तस्करों पर सख्ती जारी

एसएसपी विजय अग्रवाल ने कहा, ऐसे अपराधियों की संपत्ति जब्त कर आर्थिक रूप से कमजोर करने की रणनीति पर काम किया जा रहा है। मादक पदार्थों की तस्करी से अर्जित अवैध संपत्तियों के खिलाफ आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *