


बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में आकाशीय बिजली की चपेट में आने से मां और बेटी की मौके पर ही मौत हो गई। घटना से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। हादसा राजपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पतरापारा में हुआ, जहां दोनों खेत में काम कर रही थीं।
पुलिस के अनुसार, ग्राम पतरापारा निवासी प्रमोद कुमार टेकाम (22) ने राजपुर थाने में मर्ग सूचना दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि उनकी परिजन मानती टेकाम (33 वर्ष) और उनकी 14 वर्षीय बेटी कुमारी विमला टेकाम गुरुवार दोपहर खेत में काम करने गई थीं। दोपहर करीब 2:10 बजे अचानक मौसम खराब हो गया।

तेज बारिश और गरज-चमक शुरू होने पर दोनों बारिश से बचने के लिए खेत के पास स्थित एक सेमर के पेड़ के नीचे खड़ी हो गईं। इसी दौरान तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली पेड़ के पास गिरी, जिसकी चपेट में आने से मां-बेटी गंभीर रूप से झुलस गईं और दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तत्काल इसकी सूचना परिजनों व पुलिस को दी। सूचना मिलते ही राजपुर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर मर्ग कायम किया। पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर मामले की जांच शुरू कर दी है। मां-बेटी की एक साथ मौत से पूरे पतरापारा गांव में शोक की लहर है। ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार को शीघ्र आर्थिक सहायता और राहत प्रदान करने की मांग की है।
