
कोंडागांव: जिले में शराब पीने से रोकने पर पत्नी की हत्या करने के मामले में पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान पीतम उर्फ प्रीतम कोर्राम (35 वर्ष), निवासी चिपावंड डोंडियापारा, थाना कोंडागांव के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, 5 मई को सिंगलु मंडावी ने थाना कोंडागांव में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
शिकायत में बताया गया कि 30 अप्रैल को ग्राम खड़कā के लोगों ने सूचना दी थी कि आरोपी शराब के नशे में अपनी पत्नी सुखदई कोर्राम के साथ गाली-गलौज और मारपीट कर रहा था, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गई। परिजन मौके पर पहुंचे तो आरोपी वहां से फरार हो गया था।

घायल महिला को पहले अस्पताल और फिर बेहतर इलाज के लिए रायपुर के डीकेएस अस्पताल रेफर किया गया, जहां 3 मई को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मामले में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि पत्नी द्वारा शराब पीने को लेकर ताना दिए जाने से वह गुस्से में आ गया और घर में रखे डंडे से उसके सिर पर वार कर दिया।


