


कोरिया। गुरु घासीदास तमोर पिंगला टाइगर रिजर्व क्षेत्र में रविवार देर रात दंतैल हाथी ने सड़क निर्माण में लगे ददो मजदूर,रात में सड़क किनारे सो रहे थे, हाथी ने हमला कर दोनों को मार डाला। हाथी के हमले में एक युवक की मौके पर मौत हो गई, दूसरे ने अस्पताल पहुंचने से पहले दम तोड़ दिया। मामला सोनहत वन परिक्षेत्र का है।
छत्तीसगढ़ कोरिया जिले के रामगढ़ से कोटाडोल तक 27 किलोमीटर सड़क निर्माण का काम किया जा रहा है। सड़क निर्माण में काम करने वाले दो युवक गौरव (22) और अमर सिंह (35) देवसील बस्ती के आगे सड़क किनारे सो रहे थे। रात करीब 11.30 बजे एक दंतैल हाथी मौके पर पहुंचा और दोनों पर हमला कर दिया।

गौरव की मौके पर मौत, अमर ने रास्ते में दम तोड़ा, बाकी मजदूरों ने भागकर बचाई जान
हाथी के हमले के दौरान पास ही बाकी मजदूर भी मौजूद थे, जिन्होंने भागकर अपनी जान बचाई। हमले की सूचना पर वन विभाग की टीम और स्थानीय लोग रात में ही मौके पर पहुंचे। हाथी के हमले में गौरव की मौके पर ही मौत हो गई थी। गंभीर रूप से घायल अमर सिंह को सोनहत लाया जा रहा था, रास्ते में उसकी भी मौत हो गई। दोनों मृतक ग्राम नगर के निवासी बताए गए हैं, जो निर्माण कार्य में काम करने के लिए गए थे। हाथी की मौजूदगी को लेकर वन विभाग ने आसपास के इलाके में लोगों को सतर्क कर दिया है। सड़क निर्माण में लगे मजदूरों को भी सतर्क रहने कहा गया है।
दंतैल का आतंक, अधेड़ को कुचलकर मार डाला
दोनों युवक पर हमला करने वाला दंतैल हाथी दल से अलग होकर विचरण कर रहा है। 15 दिन पहले दंतैल हाथी ने ग्राम सूकतरा निवासी सोनेलाल (50) को कुचलकर मार डाला था। सोनेलाल जंगल में बकरी चराने गया था। दूसरे दिन सुबह उसकी क्षत विक्षत लाश मिली थी।
परिजनों को हमले की सूचना दे दी गई है। वन विभाग ने दोनों युवकों के शवों का पोस्टमॉर्टम कराया। रेंजर राजाराम ने बताया कि, टाइगर रिजर्व क्षेत्र पिछले कुछ दिनों 8 हाथियों का दल घूम रहा है। जिनमें से एक हाथी दल से बिछड़ गया है। उस बिछड़े दंतैल ने ही दो मजदूरों पर हमला किया है।
