दुर्ग: जिले के GRP थाना क्षेत्र में आज उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक युवक की लाश उसके घर में संदिग्ध हालत में मिली। क्षेत्र के लोगों ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने जब एक संदेही को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया, तो स्थानीय लोगों ने उसके साथ मारपीट की कोशिश की। हालांकि उसे किसी तरह से थाने ले जाया गया।

क्या है पूरा मामला ?

जानकारी के मुताबिक, मृतक पुरानी भिलाई के जीआरपी थाना क्षेत्र में पुरैना स्टोर पारा में रहता था। गुरुवार सुबह उसकी लाश घर में संदिग्ध हालत में मिली, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।


गला दबाकर हत्या की आशंका

स्थानीय लोगों के मुताबिक, 19 मई की रात चौक के पास 4 से 5 युवकों ने मृतक के साथ जमकर मारपीट की थी। लोगों का आरोप है कि उसी घटना के बाद युवक की तबीयत बिगड़ी और आज सुबह उसकी मौत हो गई। वहीं कुछ लोगों ने युवक की गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका भी जताई है।

हिरासत में लिए गए युवक से मारपीट की कोशिश

घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी प्रभारी श्रीवास्तव अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने पूछताछ के लिए एक युवक को हिरासत में लिया, लेकिन जैसे ही पुलिस उसे लेकर जाने लगी, क्षेत्र के लोग आक्रोशित हो गए और पुलिस वाहन को रोककर हिरासत में लिए गए युवक के साथ मारपीट करने की कोशिश की। हालांकि जीआरपी प्रभारी श्रीवास्तव ने दल-बल की मदद से किसी तरह युवक को सुरक्षित थाने पहुंचाया।

जीआरपी थाना प्रभारी ने क्या कहा ?

मामले को लेकर जीआरपी थाना प्रभारी का कहना है कि प्रथम दृष्टया युवक की मौत अधिक शराब सेवन और उल्टी होने की वजह से प्रतीत हो रही है। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और मारपीट तथा हत्या की आशंका सहित सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *