
दुर्ग। पुलिस चौकी स्मृति नगर ने सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के उल्लंघन के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए एक बड़ी कार्रवाई की है। “फर्जी पुलिस” लिखी थार वाहन द्वारा सार्वजनिक स्थान पर स्टंट ड्राइविंग करने और नियमों के उल्लंघन के मामले में पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है। साथ ही आरोपी के खिलाफ बीएनएस और मोटर व्हीकल एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार यह घटना जुनवानी चौक क्षेत्र की है, जहां एक काले रंग की थार गाड़ी पर “पुलिस” जैसा बोर्ड लगाकर चालक द्वारा खतरनाक स्टंट किए जा रहे थे। वाहन चालक ने खुद को पुलिस से जुड़ा दिखाने की कोशिश करते हुए सड़क पर अनुशासनहीन तरीके से वाहन चलाया, जिससे अन्य राहगीरों की सुरक्षा को खतरा उत्पन्न हो गया।

सूचना मिलने पर स्मृति नगर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए वाहन को रोक लिया। जांच के दौरान पाया गया कि वाहन पर लगाया गया पुलिस संबंधी बोर्ड फर्जी था और इसका उपयोग लोगों को भ्रमित करने के लिए किया जा रहा था।


पुलिस ने मौके पर ही वाहन को जब्त कर लिया। इस मामले में संबंधित चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281 और मोटर व्हीकल एक्ट (MV Act) की धारा 184 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सड़क पर इस प्रकार की लापरवाही, स्टंटबाजी और फर्जी पहचान दिखाकर कानून को चुनौती देने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
