
दुर्ग/ भिलाई में एक रिटायर्ड बीएसपी कर्मचारी के साथ ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर 45 लाख से अधिक की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित जयंत बागची (61), जो पूर्व में भिलाई स्टील प्लांट और सेना में सेवाएं दे चुके हैं, फेसबुक पर दिखे एक फर्जी विज्ञापन के जरिए इस जाल में फंस गए।
जानकारी के अनुसार, 10 मार्च 2026 को फेसबुक पर वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर और सुधा मूर्ति के नाम से निवेश संबंधी विज्ञापन दिखाया गया, जिससे भरोसा जीतकर उन्हें लिंक पर रजिस्ट्रेशन कराया गया। शुरुआत में 18,998 रुपए लिए गए, इसके बाद अलग-अलग व्यक्तियों के माध्यम से ऑनलाइन ट्रेडिंग में निवेश के नाम पर लगातार रकम ली जाती रही।

ठगों ने उन्हें यूके, अमेरिका और अन्य देशों में कारोबार और भारी मुनाफे का झांसा दिया। बाद में सोने और ऑयल ट्रेडिंग में निवेश के नाम पर भी पैसे लिए गए। इस दौरान कुल मिलाकर 45,18,998 रुपए ट्रांसफर कराए गए। जब पीड़ित ने अपनी पूरी राशि निकालने की मांग की, तो ठगों ने 2.71 लाख डॉलर के मुनाफे का झांसा देकर 15% टैक्स के नाम पर 34 लाख रुपए की और मांग की।


शक होने पर पीड़ित ने पैसे देने से इनकार किया। ठगी का अहसास होने पर उन्होंने साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई और पुलिस को सूचना दी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और बैंक खातों की डिटेल खंगाली जा रही है।
