CG Crime: पति-पत्नी की हत्या कर शव श्मशान में दफनाए, ताजा खुदाई ने खोला दोहरे हत्याकांड का राज

गरियाबंद। जिले के शोभा थाना क्षेत्र के ग्राम गरीबा से एक दिल दहला देने वाला दोहरे हत्याकांड का मामला सामने आया है। पुरानी रंजिश के चलते एक दंपती की निर्मम हत्या कर उनके शवों को श्मशान घाट में दफना दिया गया। मामले का खुलासा तब हुआ जब ग्रामीणों को श्मशान घाट में संदिग्ध ताजा खुदाई दिखाई दी।

पुलिस के अनुसार, 6 जून को आरोपियों ने राजाराम नेताम और उनकी पत्नी आशो बाई की डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। वारदात के बाद अपराध को छिपाने की नीयत से दोनों शवों को एक बोरे में लपेटकर गांव के श्मशान घाट में दफना दिया गया, ताकि किसी को घटना की जानकारी न हो सके।


ऐसे हुआ सनसनीखेज खुलासा

घटना का खुलासा उस समय हुआ जब गांव के कुछ लोग एक अन्य व्यक्ति के अंतिम संस्कार के लिए श्मशान घाट पहुंचे। वहां उन्हें ताजा खुदाई और संदिग्ध तरीके से दफनाए गए स्थान को देखकर शक हुआ। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही शोभा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। खुदाई कराने पर वहां से एक दंपती के शव बरामद हुए। बाद में उनकी पहचान पिछले एक सप्ताह से लापता राजाराम नेताम और आशो बाई के रूप में हुई।

पुरानी रंजिश बनी हत्या की वजह

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पुरानी रंजिश के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

तीन आरोपी गिरफ्तार

थाना प्रभारी पवन वर्मा के नेतृत्व में पुलिस ने हत्या के आरोप में लखीराम नेताम, रघुराम नेताम और नकुल राम नेताम को गिरफ्तार किया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर हत्या के पीछे के कारणों और पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच कर रही है।

फॉरेंसिक जांच के लिए भेजे गए अवशेष

पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा तैयार कर उन्हें कब्जे में ले लिया है। शवों के अवशेषों को आगे की जांच के लिए रायपुर स्थित फॉरेंसिक लैब भेजा गया है। अधिकारियों का कहना है कि फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद मामले से जुड़े कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आ सकते हैं।

पुलिस ने मामले में हत्या और साक्ष्य छिपाने सहित विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच तेज कर दी है। यह घटना सामने आने के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *