दुर्ग। छत्तीसगढ़ दुर्ग में रविवार रात सरेराह ब्लाॅक कांग्रेस कमेटी के कोषाध्यक्ष की हत्या कर दी। लूट की नीयत से बाइक सवार 4 बदमाशों ने उन्हें रोका। विरोध करने पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर 4 हजार कैश और मोबाइल लेकर भाग निकले। घटना जेवरा सिरसा पुलिस चौकी क्षेत्र का है।

प्रकाश सिंह कश्यप ग्राम तुमाकला के रहने वाले थे और वह पंच थे। उनकी पत्नी सरपंच है। इसके अलावा प्रकाश सिंह कश्यप धमधा मंडल कोषाध्यक्ष भी थे। फिलहाल, पुलिस मामले में केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश में जुट गई है।


परिचित से मिलने अस्पताल गए थे, रात दो बजे लौट रहे थे

ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के कोषाध्यक्ष प्रकाश सिंह कश्यप (45) अपने 2 साथियों के साथ रविवार रात भिलाई के शंकराचार्य अस्पताल रिश्तेदार से मिलने गए थे। खाना खाने के बाद करीब 2 बजे रात को वह बाइक से अपने घर लौट रहे थे। करहीडीह और चिखली चौक के बीच 4 बाइक सवारों ने उन्हें डंडा अड़ाकर रोका।

बदमाशों ने प्रकाश से मोबाइल और कैश छीनने की कोशिश की, जब उन्होंने विरोध किया तो बदमाशों ने चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिया। जिससे प्रकाश सिंह कश्यपर गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद बदमाश मोबाइल और करीब 4 हजार कैश लूटकर मौके से फरार हो गए।

मौके से भाग खड़ा हुआ, मोटर साइकिल में पीछे बैठा व्यक्ति

चाकूबाजी की इस घटना के बीच प्रकाश सिंह कश्यप के पीछे बैठा व्यक्ति मौके से भाग निकला और मामले की जानकारी पुलिस को दी। जानकारी मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और घायल को फौरन जिला अस्पताल पहुंचाया, इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया।

पत्नी है गांव की सरपंच

प्रकाश सिंह कश्यप ग्राम तुमाकला के पंच थे। उनकी पत्नी देवती बाई कश्यप वर्तमान में गांव की सरपंच हैं। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। जेवरा सिरसा चौकी प्रभारी समित मिश्रा ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला लूट के दौरान हत्या का सामने आया है। आरोपियों की पहचान की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *