दुर्ग। पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र के पुरैना बस्ती में 5 साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म के आरोपी किशोर चौहान उर्फ चेटा के घर पर आज बुलडोजर कार्रवाई की गई। नगर निगम प्रशासन ने पुलिस की मौजूदगी में आरोपी के अवैध मकान को ढहा दिया। कार्रवाई के दौरान घर में रखा सामान भी जब्त किया गया। पुलिस विवेचना में सामने आया कि आरोपी किशोर चौहान उर्फ चेटा और उसके परिजन ग्राम पुरैना में शासकीय भूमि पर अवैध रूप से मकान बनाकर रह रहे थे।

इस संबंध में नगर निगम प्रशासन की ओर से विधिवत नोटिस जारी कर मकान खाली करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन परिवार ने कब्जा नहीं हटाया। नोटिस की अवहेलना किए जाने के बाद आज नगर निगम प्रशासन और पुरानी भिलाई थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध निर्माण पर बुलडोजर चलाया।


यह है पूरी घटना

दरअसल, 25 अप्रैल को 5 साल की बच्ची सुबह घर से लापता हो गई थी। देर शाम बच्ची पुरैना स्थित एनएसपीएसीएल पावर प्लांट के पास झाड़ियों में मिली थी। आरोपी ने बच्ची के हाथ-पैर बांध रखे थे। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस ने बच्ची को सुरक्षित बरामद कर आरोपी किशोर चौहान को गिरफ्तार किया था।

आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2) (अपहरण) और धारा 65(2) (दुष्कर्म) के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई। साथ ही आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया था। बताया जा रहा है कि किशोर चौहान आदतन अपराधी है। वह मारपीट, गांजा और शराब की अवैध बिक्री जैसे मामलों में पहले भी कई बार जेल जा चुका है। आरोपी के नशे का आदी होने की भी जानकारी सामने आई है।

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *