



दुर्ग। महज 5 से 15 हजार रुपये कमाने के लालच में कुछ लोगों ने अपने बैंक खाते ही साइबर अपराधियों को सौंप दिए। दुर्ग में ऐसे ही 9 म्यूल खाताधारकों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई की है। आरोप है कि इन लोगों ने कमीशन के बदले अपने बैंक खातों की पासबुक, ATM कार्ड और सिम कार्ड दूसरे लोगों को दे दिए थे।
बाद में इन्हीं खातों का इस्तेमाल साइबर ठगी से हासिल रकम को एक जगह से दूसरी जगह ट्रांसफर करने के लिए किया जा रहा था। दुर्ग पुलिस की कार्रवाई में पंजाब एंड सिंध बैंक और सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के 9 खातों को शामिल किया गया है। जांच में सामने आया कि खाताधारकों ने थोड़े से पैसों के लालच में अपने बैंक खातों का नियंत्रण दूसरों को सौंप दिया था।

5 से 15 हजार रुपये के लिए सौंप दिए बैंक खाते
पुलिस के अनुसार, म्यूल खाताधारकों को 5 हजार से 15 हजार रुपये तक कमीशन देने का लालच दिया गया था। इस रकम के बदले उन्होंने अपनी बैंक पासबुक, ATM कार्ड और खाते से जुड़े सिम कार्ड दूसरे लोगों को उपलब्ध करा दिए। इन बैंक खातों का इस्तेमाल साइबर ठगी से प्राप्त रकम को ट्रांसफर करने के लिए किया जाता था। यानी कुछ हजार रुपये के लालच में खाताधारक साइबर अपराधियों के लिए ठगी की रकम इधर-उधर भेजने का माध्यम बन गए।
दो बैंकों के 9 खातों पर कार्रवाई
दुर्ग पुलिस ने पंजाब एंड सिंध बैंक और सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया से जुड़े 9 म्यूल खातों पर कार्रवाई की है। पुलिस साइबर ठगी के नेटवर्क और इन खातों के इस्तेमाल से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
दुर्ग में 3162 खातों पर कार्रवाई, 349 गिरफ्तार
दुर्ग पुलिस साइबर अपराध के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है। पुलिस के मुताबिक, जिले में अब तक 3162 बैंक खातों पर कार्रवाई की जा चुकी है, जबकि इस अभियान के तहत 349 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि कुछ हजार रुपये के कमीशन के लालच में अपना बैंक खाता, ATM, पासबुक या सिम कार्ड किसी दूसरे व्यक्ति को न दें। ऐसा करना भारी कानूनी परेशानी का कारण बन सकता है।
