



राजधानी रायपुर में चोरी का हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। ऑनलाइन जुआ खेलने की लत और कर्ज चुकाने के लिए एक युवक ने अपने ही जीजा के सूने मकान को निशाना बना लिया। आरोपी ने घर की रेकी करने के बाद ताला और अलमारी का लॉकर तोड़कर सोने, चांदी और हीरे के जेवरात के साथ नकदी चोरी कर ली।
पुलिस ने CCTV फुटेज की मदद से आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। उसकी निशानदेही पर करीब 37 लाख रुपये कीमत के 25 तोला सोने के जेवर बरामद किए गए हैं। मामला टिकरापारा थाना क्षेत्र के लक्ष्मी नगर का है। यहां रहने वाले अनिल शर्मा कृषि विभाग में तकनीकी विशेषज्ञ हैं और फिलहाल कोंडागांव में पदस्थ हैं। वह अपने परिवार के साथ कोंडागांव में रहते हैं।

रायपुर स्थित उनके मकान की तीसरी मंजिल पर उनका परिवार रहता है, जबकि पहली और दूसरी मंजिल पर उनके माता-पिता और बड़े भाई का परिवार रहता है। अनिल शर्मा के मुताबिक, 28 अक्टूबर को दोपहर में घर की साफ-सफाई करने वाली महिला काम खत्म करने के बाद मकान में ताला लगाकर उसकी चाबी उनकी मां सुमित्रा शर्मा को सौंपकर गई थी।
दो दिन बाद, 30 अक्टूबर की सुबह उनकी मां ने फोन कर बताया कि मकान के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ है। सूचना मिलने पर अनिल रायपुर पहुंचे तो घर के अंदर अलमारी और लॉकर भी टूटे मिले। वहां रखे सोने, चांदी और हीरे के जेवरात के साथ नकदी गायब थी। शिकायत के आधार पर टिकरापारा पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज किया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(4) और 305 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
CCTV फुटेज में दिखा दीवार फांदकर घर में घुसता युवक

मामले की जांच के लिए एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और टिकरापारा पुलिस की संयुक्त टीम बनाई गई। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ परिवार के सदस्यों से पूछताछ की। आसपास लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग भी खंगाली गई। जांच के दौरान एक फुटेज में संदिग्ध युवक मकान की दीवार फांदकर अंदर घुसता और सीढ़ियों के रास्ते तीसरी मंजिल की ओर जाता दिखाई दिया।
फुटेज के आधार पर पुलिस ने उसकी पहचान अनिल शर्मा के साले प्रियंक उर्फ शुभम पाण्डेय (उम्र 31 साल), पिता देवेंद्र पाण्डेय के रूप में की। वह टिकरापारा की प्रिंस कॉलोनी में रहता था। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की तो शुरुआत में वह लगातार अपने बयान बदलता रहा और चोरी में शामिल होने से इनकार करता रहा। हालांकि, CCTV फुटेज समेत अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूछताछ जारी रखने पर उसने चोरी करना स्वीकार कर लिया।
दो दिन जीजा के घर रुककर जुटाई थी जानकारी

पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने पूछताछ में बताया कि उसे ऑनलाइन जुआ खेलने की आदत है। इस वजह से उस पर काफी कर्ज हो गया था। कर्ज चुकाने के लिए उसने अपने जीजा के घर चोरी करने की योजना बनाई थी।
आरोपी कुछ दिन पहले अपनी बहन यानी अनिल शर्मा की पत्नी के साथ उनके घर में दो दिन तक रुका था। इसी दौरान उसे पता चला कि अलमारी में सोने, चांदी और हीरे के आभूषणों के साथ नकदी भी रखी हुई है। उसे यह जानकारी भी थी कि उसकी बहन कोंडागांव चली गई है और मकान खाली है।
पुलिस के अनुसार, वारदात वाले दिन आरोपी मकान की दीवार फांदकर अंदर पहुंचा। इसके बाद सीढ़ियों से तीसरी मंजिल पर गया और अपने साथ लाई छोटी ग्राइंडर मशीन से दरवाजे की कुंडी और ताला तोड़ दिया। घर के अंदर पहुंचने के बाद उसने अलमारी का लॉकर तोड़ा और उसमें रखे जेवरात व नकदी चोरी कर ली।
शक से बचने के लिए कुछ गहने छोड़ दिए थे
चोरी के बाद आरोपी ने जांच को भटकाने की कोशिश भी की। पुलिस के मुताबिक, उसने कुछ आभूषण वहीं छोड़ दिए और अलमारी में रखे कपड़ों को दोबारा व्यवस्थित कर दिया। उसकी कोशिश थी कि घरवालों को चोरी का तुरंत पता न चले और किसी को उस पर शक भी न हो। वारदात के बाद वह मौके से फरार हो गया।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 37 लाख रुपये कीमत के 25 तोला सोने के जेवर बरामद किए हैं। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
